-गायघाट सामाजिक मंच ने तिरहुत आयुक्त से की मुलाकात, अधिकारियों के लिए रोस्टर बनाने की मांग
मुजफ्फरपुर। दीपक।गायघाट सामाजिक मंच के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त गिरीवर दयाल सिंह से मुलाकात कर गायघाट विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया।
प्रतिनिधिमंडल ने आयुक्त से मांग की कि गायघाट विधानसभा के तीनों प्रखंड—गायघाट, कटरा और बंदरा—के अंचलाधिकारी एवं प्रखंड विकास अधिकारियों के लिए सप्ताह में दो दिन कार्यालय में बैठने का रोस्टर तय किया जाए। मंच का कहना था कि इससे क्षेत्र की जनता को बार-बार प्रखंड मुख्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा और किसान सहित आम लोग निर्धारित दिन पर पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान करा सकेंगे।

इस दौरान मंच के सदस्यों ने आयुक्त गिरीवर दयाल सिंह को बुके और माला पहनाकर सम्मानित भी किया। प्रतिनिधियों ने कहा कि उनके मुजफ्फरपुर आने के बाद शिक्षा, स्वास्थ्य और प्रशासनिक क्षेत्र में सराहनीय कार्य हुए हैं। मंच ने उन्हें पिछले 38 वर्षों में तिरहुत प्रमंडल को मिला ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ आयुक्त बताया।
प्रतिनिधिमंडल में मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुबोध कुमार सिंह, दिल्ली प्रदेश प्रभारी के एल गुप्ता, संजय कुमार एवं पप्पू कुंवर शामिल थे।












