Advertisement

गायघाट में विधायक कोमल सिंह ने किया सड़क उद्घाटन, ग्रामीणों की समस्याएं सुन समाधान का दिया भरोसा

-गायघाट में विधायक कोमल सिंह ने किया सड़क उद्घाटन, ग्रामीणों की समस्याएं सुन समाधान का दिया भरोसा

दीपक कुमार/गायघाट। मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को आगे बढ़ाते हुए विधायक कोमल सिंह ने गुरुवार को गायघाट प्रखंड के मोहम्मदपुर शूरा पंचायत अंतर्गत नया टोला गांव में नवनिर्मित सड़क का उद्घाटन किया। सड़क निर्माण कार्य पूरा होने के बाद ग्रामीणों में खुशी का माहौल देखने को मिला।

विधायक कोमल सिंह ने फीता काटकर सड़क का विधिवत उद्घाटन किया। यह सड़क वीरेंद्र राम के घर से शुरू होकर सीताराम राय के घर होते हुए प्राथमिक विद्यालय नया टोला तक जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क बनने से गांव के लोगों, खासकर स्कूली बच्चों और राहगीरों को आवागमन में काफी सुविधा होगी।

उद्घाटन के मौके पर विधायक ने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि गांवों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं और सड़क निर्माण से क्षेत्र की संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी।

कार्यक्रम के दौरान विधायक कोमल सिंह ग्रामीणों के बीच पहुंचीं और उनकी समस्याओं को भी गंभीरता से सुना। ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। विधायक ने संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर बातचीत कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा समस्याओं के जल्द समाधान का भरोसा दिलाया।

विधायक की सक्रियता और सड़क उद्घाटन के बाद स्थानीय लोगों में उत्साह देखा गया। ग्रामीणों ने कहा कि विकास कार्यों से गांव की बुनियादी सुविधाओं में सुधार हो रहा है और आम लोगों को इसका सीधा लाभ मिल रहा है।