-गया में शराब तस्करी पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 21 बाइक के साथ 3500 लीटर महुआ शराब जब्त
गया। जिले में शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अब तक की सबसे बड़ी खेप बरामद की है। फतेहपुर थाना क्षेत्र के हलमता जंगल में छापेमारी के दौरान पुलिस ने 21 मोटरसाइकिलों पर लदी करीब 3500 लीटर महुआ शराब जब्त की। पुलिस की दबिश की भनक लगते ही तस्कर शराब और बाइक छोड़कर घने जंगल का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड से जंगल के रास्ते बड़ी मात्रा में महुआ शराब बिहार लाई जा रही है। सूचना मिलते ही फतेहपुर थाना पुलिस ने हलमता जंगल की घेराबंदी कर सघन छापेमारी अभियान चलाया। पुलिस टीम के पहुंचते ही तस्करों में अफरा-तफरी मच गई और वे सभी शराब व मोटरसाइकिल छोड़कर जंगल में भाग निकले। मौके से भारी मात्रा में महुआ शराब और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही 21 मोटरसाइकिलें जब्त कर ली गईं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद अधिकांश मोटरसाइकिलें चोरी की हैं। पुलिस सभी वाहनों के रजिस्ट्रेशन, इंजन और चेसिस नंबर की जांच कर उनके वास्तविक मालिकों का पता लगा रही है। आशंका है कि लंबे समय से चोरी की बाइकों का इस्तेमाल अवैध शराब तस्करी के नेटवर्क में किया जा रहा था, ताकि पुलिस की कार्रवाई से बचा जा सके।
फतेहपुर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि मामले में उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। बरामद मोटरसाइकिलों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार तस्करों की पहचान की जा रही है। पूरे गिरोह और उसके सरगनाओं तक पहुंचने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस का मानना है कि फतेहपुर के जंगलों के रास्ते संचालित यह नेटवर्क काफी संगठित था और झारखंड से बिहार में अवैध महुआ शराब की आपूर्ति कर रहा था। करीब 3500 लीटर महुआ शराब और 21 मोटरसाइकिलों की बरामदगी को जिले में शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। अब जांच एजेंसियों का फोकस पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश कर इसके मास्टरमाइंड तक पहुंचने पर है।












