–गंगा नदी में डूबी सामग्री लदी नाव, लोगों ने कूदकर बचाई जान, हादसे का लाइव वीडियो वायरल
समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले के मोहनपुर प्रखंड स्थित गंगा नदी में सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कटावरोधी कार्य के लिए सामग्री लेकर जा रही एक बड़ी नाव अचानक असंतुलित होकर नदी में डूब गई।
बताया जा रहा है कि नाव पर बोरे में भरकर कटावरोधी कार्य की सामग्री लाई जा रही थी।

उसी दौरान नाव पर काफी संख्या में मजदूर और स्थानीय लोग सवार थे। बीच धारा में नाव का संतुलन बिगड़ते ही वह डगमगाने लगी। स्थिति भांपते ही नाव पर सवार लोगों ने फुर्ती दिखाते हुए नदी में छलांग लगा दी और तैरकर किनारे पहुंच गए।
देखते ही देखते पूरी नाव नदी में समा गई। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
घटना रसलपुर पत्थर घाट के पास हुई, जहां नदी किनारे मौजूद एक व्यक्ति ने पूरे हादसे का वीडियो बना लिया। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।











