Advertisement

कोठार गांव में बारिश से मिट्टी का मकान ढहा, परिवार बाल-बाल बचा

-कोठार गांव में बारिश से मिट्टी का मकान ढहा, परिवार बाल-बाल बचा

बाली/राजस्थान। उपखण्ड बाली के कोठार पंचायत अंतर्गत कोठार गांव में लगातार हो रही भारी बारिश ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। देर रात हुई तेज बारिश के कारण छगनलाल/मोटाराम मेगवाल का मिट्टी का बना मकान पूरी तरह से ढह गया। हालांकि हादसे के समय घर में मौजूद परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे और एक बड़ी त्रासदी टल गई।

पीड़ित छगनलाल मेगवाल ने बताया कि लगातार तीन दिन से बारिश हो रही थी। रात वे सभी खाना खाकर सो रहे थे, तभी अचानक मकान गिर गया। सभी लोग जैसे-तैसे जान बचाकर बाहर निकले, मगर घर में रखा सारा सामान मलबे में दबकर बर्बाद हो गया।

अब परिवार के सामने सबसे बड़ी समस्या रहने की है। पीड़ित ने बताया कि उन्होंने कोठार पंचायत प्रतिनिधि और प्रखंड प्रशासन से कई बार प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान आवंटित करने की मांग की थी, मगर अब तक कोई लाभ नहीं मिला। मौजूदा आवास योजना के तहत नाम स्वीकृत है, लेकिन मकान निर्माण शुरू नहीं हो पाया।

छगनलाल मेगवाल ने सरकार से मुआवजा और शीघ्र आवास निर्माण की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन द्वारा पक्के मकान का लाभ दिया गया होता तो यह दर्दनाक हादसा टल सकता था।