-कटरा थाना से कैदी फरार, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
मुजफ्फरपुर/कटरा। दीपक कुमार। कटरा थाना से एक कैदी के पुलिस अभिरक्षा से फरार हो जाने की घटना ने थाना की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अवैध शराब बिक्री के मामले में गिरफ्तार आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, फरार आरोपी की पहचान थाना क्षेत्र के धनौर निवासी गुलशन कुमार के रूप में हुई है। उसे अवैध शराब बिक्री के आरोप में गिरफ्तार कर थाने में रखा गया था।

बताया जा रहा है कि आरोपी ने शौच जाने का बहाना बनाया। ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारी उसे बाथरूम ले गए, जहां चौकीदार नवीन भी साथ थे। इसी दौरान आरोपी ने मौके का फायदा उठाते हुए चकमा दिया और बाथरूम के रास्ते छलांग लगाकर फरार हो गया।
घटना के बाद थाना की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं कि आखिर थाने के अंदर से ही कैदी कैसे फरार हो गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी की तलाश में पुलिस की टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। अब देखना होगा कि पुलिस कब तक फरार कैदी को पकड़ने में सफल होती है।











