-औराई में बागमती तटबंध के पास युवक का शव मिलने से हड़कंप, हादसा या हत्या की आशंका पर जांच
मुजफ्फरपुर/औराई। जिले के औराई थाना क्षेत्र की मथुरापुर बुजुर्ग पंचायत के सुंदरखौली गांव में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब बागमती नदी के उत्तरी तटबंध के समीप एक 22 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। मृतक की पहचान सुंदरखौली गांव निवासी विपिन ठाकुर के पुत्र प्रियांशु उर्फ गोलू कुमार के रूप में हुई है। युवक की अचानक मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक की मौत सड़क दुर्घटना में हुई हो सकती है, जबकि कुछ लोग इसे साजिश या हत्या से जोड़कर आशंका जता रहे हैं। हालांकि पुलिस की जांच पूरी होने से पहले मौत के कारणों को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना संभव नहीं है।

घटना की सूचना मिलते ही औराई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, ताकि घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए जा सकें।
पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कागजी प्रक्रिया में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।
औराई थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि घटना की सभी पहलुओं से गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही युवक की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।












