Advertisement

औराई में नौवीं का छात्र पांच दिनों से लापता, स्कूल जाने की बात कहकर निकला था घर से

-औराई में नौवीं का छात्र पांच दिनों से लापता, स्कूल जाने की बात कहकर निकला था घर से

मुजफ्फरपुर। जिले के औराई थाना क्षेत्र की राजखंड दक्षिणी पंचायत अंतर्गत कोकिलवारा गांव निवासी 16 वर्षीय छात्र फुरकान रजा पिछले पांच दिनों से लापता है। उसके अचानक गायब होने से परिजन परेशान हैं। परिवार के लोग किसी अनहोनी की आशंका को लेकर सहमे हुए हैं। छात्र के पिता मो. सडडू ने मामले की सूचना पुलिस को दी है। पुलिस लापता छात्र की तलाश में जुटी है।

परिजनों के अनुसार, फुरकान रजा राजखंड गांव स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय में नौवीं कक्षा का छात्र है। उसके पिता मो. सडडू ने बताया कि 22 अक्टूबर को फुरकान स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। बेटे के लापता होने से परिवार के लोग चिंतित हैं और लगातार उसकी तलाश कर रहे हैं।

औराई थानाध्यक्ष बृजेश कुमार यादव ने बताया कि लापता छात्र की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले को लेकर आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

वहीं, पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि असगर अली ने बताया कि फुरकान पढ़ाई में काफी मेधावी है। उसके अचानक लापता होने से गांव के लोग भी चिंतित हैं। परिजन और ग्रामीण छात्र की सकुशल वापसी की उम्मीद कर रहे हैं।

फिलहाल, पांच दिनों से लापता छात्र का कोई सुराग नहीं मिलने से परिवार की चिंता बढ़ती जा रही है। परिजनों ने पुलिस से फुरकान को जल्द से जल्द खोजने की अपील की है।