Advertisement

एमपी सिन्हा साइंस कॉलेज के आधुनिकीकरण की कवायद तेज

-एमपी सिन्हा साइंस कॉलेज के आधुनिकीकरण की कवायद तेज

-जर्जर भवन के विकास के लिए जनप्रतिनिधियों को भेजा गया प्रस्ताव

मुजफ्फरपुर। गोबरसही स्थित बीआरए बिहार विश्वविद्यालय से संबद्ध एमपी सिन्हा साइंस कॉलेज के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और इसके आधुनिकीकरण की दिशा में पहल तेज हो गई है। कॉलेज की जर्जर स्थिति को देखते हुए नगर विधायक रंजन कुमार और केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री सह सांसद डॉ. राज भूषण चौधरी को विकास कार्यों के लिए प्रस्ताव भेजा गया है।
वर्ष 1967 में स्थापित यह कॉलेज बड़ी संख्या में आर्थिक रूप से कमजोर, पिछड़े तथा अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्रदान करता है। वर्तमान में कॉलेज का मुख्य भवन और चहारदीवारी काफी जर्जर हो चुकी है, जिससे कभी भी हादसा होने की आशंका बनी रहती है। संसाधनों की कमी के कारण शैक्षणिक गतिविधियां और कक्षाओं का संचालन भी प्रभावित हो रहा है।

कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजीव कुमार ने जनप्रतिनिधियों को भेजे गए पत्र में कॉलेज के समग्र विकास के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे हैं। उन्होंने कक्षाओं के सुचारू संचालन के लिए 20 से 22 कमरों वाले नए शैक्षणिक भवन के निर्माण, पूरे परिसर की सुरक्षा के लिए मजबूत चहारदीवारी, एक साथ एक हजार विद्यार्थियों की क्षमता वाले आधुनिक परीक्षा भवन, प्राचार्य आवास तथा अतिथिगृह (गेस्ट हाउस) के निर्माण की मांग की है।
प्राचार्य ने बताया कि इन सभी विकास कार्यों के लिए कॉलेज परिसर में पर्याप्त भूमि उपलब्ध है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जनप्रतिनिधियों की पहल से कॉलेज के विकास कार्यों को गति मिलेगी और भविष्य में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। जनप्रतिनिधियों के स्तर पर शुरू हुई इस पहल से कॉलेज के आधुनिकीकरण की उम्मीदें बढ़ गई हैं।