Advertisement

एमडीडीएम कॉलेज की छात्रा सिद्धिका गुप्ता का राष्ट्रीय एकता शिविर के लिए चयन

-एमडीडीएम कॉलेज की छात्रा सिद्धिका गुप्ता का राष्ट्रीय एकता शिविर के लिए चयन

-मुजफ्फरपुर का बढ़ाया मान

मुजफ्फरपुर। शहर के प्रतिष्ठित महंत दर्शन दास महिला (एमडीडीएम) कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की स्वयंसेवक सिद्धिका गुप्ता का चयन राष्ट्रीय एकता शिविर 2026 के लिए किया गया है। अंग्रेजी विभाग की स्नातक सप्तम सेमेस्टर (सत्र 2023-27) की छात्रा सिद्धिका की इस उपलब्धि से कॉलेज में खुशी का माहौल है। उनके चयन को महाविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से यह शिविर हरियाणा के हिसार में 22 से 28 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। शिविर में भाग लेने के लिए एनएसएस की चयनित टीम 20 अक्टूबर को ही हरियाणा के लिए रवाना हो चुकी है। सिद्धिका इस शिविर में बिहार और अपने विश्वविद्यालय की संस्कृति, परंपराओं तथा युवा सोच का प्रतिनिधित्व करेंगी।

सिद्धिका गुप्ता के चयन पर विश्वविद्यालय की एनएसएस समन्वयक डॉ. अनुराधा पाठक और एमडीडीएम कॉलेज की प्राचार्या प्रो. अलका जायसवाल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। प्राचार्या ने कहा कि सिद्धिका की सफलता कॉलेज की अन्य छात्राओं को भी राष्ट्रीय सेवा, सांस्कृतिक गतिविधियों और रचनात्मक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने छात्रा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

वहीं, एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. शगुफ्ता नाज़ ने सिद्धिका की लगन, अनुशासन और प्रतिभा की सराहना की। कॉलेज के शिक्षक-शिक्षिकाओं और गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों ने भी इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए सिद्धिका को शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रीय स्तर के इस शिविर में चयन से सिद्धिका को विभिन्न राज्यों की संस्कृति को समझने, आपसी एकता और सद्भाव का संदेश साझा करने तथा नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर मिलेगा।