-एनएच-27 पर तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल सवार बुजुर्ग को मारी टक्कर
-दोनों पैर गंभीर रूप से जख्मी
-बिठौली ओवरब्रिज के समीप हादसा
-प्राथमिक उपचार के बाद डीएमसीएच रेफर
-बाइक और चालक पुलिस अभिरक्षा में
दरभंगा। सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के बिठौली ओवरब्रिज के समीप सोमवार की दोपहर करीब 12 बजे एनएच-27 फोरलेन पर तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से साइकिल सवार बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के कटरा थाना क्षेत्र के कोपी निवासी 65 वर्षीय चुल्हाई सहनी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, हादसे में उनके दोनों पैर गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बेनीबाद की ओर से सिमरी की तरफ जा रही एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सामने से साइकिल में टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि साइकिल सवार बुजुर्ग सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सिमरी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बुजुर्ग को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), सिंहवाड़ा पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) रेफर कर दिया गया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि हादसे में शामिल बाइक और उसके चालक को पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












