-एक सॉकेट में कई उपकरण चलाना पड़ सकता है भारी, BSPHCL ने जारी की सुरक्षा चेतावनी
पटना। क्या आप भी घर या दुकान में एक ही सॉकेट या एक्सटेंशन बोर्ड में कई बिजली उपकरण एक साथ चलाते हैं? अगर ऐसा करते हैं तो सावधान हो जाइए। बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड (BSPHCL) ने अंतरराष्ट्रीय विद्युत सुरक्षा दिवस के अवसर पर उपभोक्ताओं को बिजली के सुरक्षित उपयोग को लेकर महत्वपूर्ण सलाह जारी की है।
बिजली कंपनी ने अपने संदेश में कहा है कि एक ही सॉकेट में क्षमता से अधिक उपकरण लगाने से ओवरलोडिंग, शॉर्ट सर्किट और आग लगने जैसी गंभीर दुर्घटनाएं हो सकती हैं। कंपनी ने लोगों से सुरक्षित विद्युत उपयोग अपनाने और लापरवाही से बचने की अपील की है।
विशेषज्ञों के अनुसार, हर सॉकेट और उसकी वायरिंग की बिजली वहन करने की एक तय क्षमता होती है। यदि एक ही सॉकेट में कंप्यूटर, टीवी, मोबाइल चार्जर, फ्रिज या अन्य उपकरण एक साथ जोड़ दिए जाएं, तो क्षमता से अधिक लोड पड़ने के कारण तार गर्म होने लगते हैं और हादसे का खतरा बढ़ जाता है।

ये हैं प्रमुख खतरे
ओवरलोडिंग और स्पार्किंग: अधिक लोड के कारण तारों पर दबाव बढ़ता है और स्पार्किंग हो सकती है।
तारों का पिघलना: अत्यधिक गर्मी से वायरिंग का इंसुलेशन पिघल सकता है और जलने की बदबू आने लगती है।
बिजली से आग: शॉर्ट सर्किट की चिंगारी धीरे-धीरे घर, कार्यालय और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों तक आग फैला सकती है।
इन सावधानियों का रखें विशेष ध्यान
सभी उपकरणों का कुल लोड सॉकेट की क्षमता के 80 प्रतिशत से कम रखें।
फ्रिज, गीजर, हीटर, एसी, आयरन और वाशिंग मशीन जैसे हाई-लोड उपकरणों को एक ही मल्टी-प्लग में न लगाएं।
ढीले प्लग का इस्तेमाल न करें। प्लग सॉकेट में पूरी तरह फिट होना चाहिए।
केवल अच्छी गुणवत्ता वाले और आईएसआई (ISI) प्रमाणित एक्सटेंशन बोर्ड या सर्ज प्रोटेक्टर का ही उपयोग करें।
यदि सॉकेट गर्म हो रहा हो, उसमें से आवाज आ रही हो या जलने के निशान दिखें तो तुरंत उसका उपयोग बंद कर दें।
बिजली से आग लगने पर क्या करें
विशेषज्ञों का कहना है कि बिजली से लगी आग पर कभी भी सीधे पानी नहीं डालना चाहिए। सबसे पहले मुख्य बिजली सप्लाई (मेन स्विच) बंद करें। यदि संभव हो तो CO₂ या ड्राई केमिकल पाउडर (DCP) अग्निशामक का उपयोग करें और आग पर काबू न पाने की स्थिति में तुरंत अग्निशमन विभाग और बिजली विभाग को सूचना दें।
BSPHCL ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि छोटी-सी लापरवाही बड़े हादसे का कारण बन सकती है। इसलिए सुरक्षित बिजली उपयोग के नियमों का पालन कर अपने परिवार और संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करें।












