-आषाढ़ के अंतिम सोमवार पर राजापाकर काली स्थान में उमड़ा आस्था का सैलाब, मां काली की पूजा-अर्चना के साथ मखदूम शाह बाबा की मजार पर भी श्रद्धा अर्पित
राजापाकर (वैशाली), संजय श्रीवास्तव। प्रखंड क्षेत्र के राजापाकर दक्षिणी काली स्थान परिसर में आषाढ़ मास के अंतिम सोमवार को मां काली की पूजा-अर्चना को लेकर हजारों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही महिला श्रद्धालु पूजा की तैयारियों में जुट गईं। दोपहर बाद आचार्य के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से मां काली की पूजा-अर्चना शुरू हुई।
श्रद्धालुओं ने फल, फूल, नैवेद्य एवं पारंपरिक रूप से बनाए गए मिष्ठान अर्पित कर मां काली के साथ बाबा ब्रह्म, बाबा योगी एवं बाबा शैलेश की पूजा की तथा परिवार, समाज और देश-दुनिया में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा एवं बच्चों के मनोरंजन के लिए सद्भावना मेले का भी आयोजन किया गया, जहां दिनभर लोगों की चहल-पहल बनी रही। इस अवसर पर राजापाकर उत्तरी पंचायत के वार्ड संख्या-15 के वार्ड सदस्य गणेश कुमार ठाकुर के सौजन्य से श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।

इस धार्मिक आयोजन में गंगा-जमुनी तहजीब और सांप्रदायिक सौहार्द की अनूठी मिसाल भी देखने को मिली। पौराणिक मान्यता के अनुसार मां काली की पूजा के साथ राजापाकर भुवनेश्वर चौक स्थित मखदूम शाह बाबा की मजार पर भी श्रद्धालुओं ने श्रद्धा अर्पित की। बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं ने वहां पहुंचकर भी पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और शांति की दुआ मांगी।
कार्यक्रम के दौरान आचार्य विनय तिवारी, अजय भगत, बिंदेश्वर भगत, कमलेश्वर सिंह, परमेश्वर पासवान, सुनील कुमार, संजय सिंह, जगन महतो, मंटू महतो, नागेश्वर साह, छेदी साह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।












