-अधूरे नाला निर्माण से बढ़ा हादसों का खतरा, बदहाल सड़क से स्थानीय लोग परेशान
मुजफ्फरपुर। शहर के पोखरियापीठ रोड स्थित उज्ज्वल विद्यापीठ से शेरपुर रोड आदर्श गैस गोदाम तक चल रहा नाला निर्माण कार्य स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। कई महीनों से जारी निर्माण कार्य अब तक पूरा नहीं हो सका है, जिसके कारण क्षेत्र में दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण एजेंसी द्वारा कई जगहों पर नालों को खुला छोड़ दिया गया है, जबकि कई स्थानों पर कार्य अधूरा पड़ा हुआ है। सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने के कारण आए दिन लोग दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। खासकर स्कूली बच्चे, टोटो चालक और बाइक सवार खुले नालों में गिरकर घायल हो रहे हैं।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि नाला निर्माण के साथ-साथ सड़क की स्थिति भी बेहद खराब हो गई है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं और जगह-जगह पानी जमा रहता है। हैरानी की बात यह है कि बिना बारिश के भी सड़क पर जलजमाव की स्थिति बनी रहती है, जिससे राहगीरों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूरा कराने तथा खुले नालों को सुरक्षित ढंग से ढंकने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि समस्या का समाधान नहीं होने पर वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। वहीं, लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन जनहित से जुड़े इस मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई करेगा।












