-NH-28 पर तेज रफ्तार का कहर, दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में तीन गंभीर घायल
मुजफ्फरपुर। जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। मनियारी थाना क्षेत्र अंतर्गत NH-28 (मुजफ्फरपुर–समस्तीपुर मुख्य मार्ग) पर ट्रेडेंट स्कूल के समीप दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें दो की हालत नाजुक बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक बाइक सवार अपने बच्चे को स्कूल छोड़कर वापस लौट रहा था। इसी दौरान सामने से तेज गति से आ रही दूसरी बाइक से उसकी भीषण टक्कर हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और तीनों सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही मनियारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए मुजफ्फरपुर के अस्पताल में भर्ती कराया।
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, घायलों में दो की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है। वहीं, हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि NH-28 पर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से हादसों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है।
स्थानीय लोगों ने NH-28 पर ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन कराने, नियमित जांच अभियान चलाने और तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई की मांग की है।











