Advertisement

MP : खंडवा के ‘सूरदास’ अकबर ताज को प्राण प्रतिष्ठा के लिए मिला निमंत्रण, राममय होकर गाएंगे भजन

-खंडवा के ‘सूरदास’ अकबर ताज को प्राण प्रतिष्ठा के लिए मिला निमंत्रण, राममय होकर गाएंगे भजन

खंडवा (मध्य प्रदेश)।संवाददाता।

मध्य प्रदेश के रहने वाले दृष्टिबाधित मुस्लिम भजन गायक और कवि अकबर ताज को राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के लिए आमंत्रित किया गया है। अयोध्या में होने वाले राम मंदिर प्रतिष्ठा समारोह के लिए आमंत्रित किए जाने पर गायक ने खुशी व्यक्त की है।

खंडवा जिले के हफला बीपला गांव के निवासी अकबर ताज (42) ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि वह 14 जनवरी को उत्तर प्रदेश के अयोध्या पहुंचेंगे और भगवान राम पर अपनी कविताएं सुनाएंगे।
हिंदू आध्यात्मिक नेता से निमंत्रण मिलने पर खुशी
अकबर ताज ने कहा, “मैं पूरे देश का दौरा करता हूं, लेकिन राम जी भद्राचार्य (हिंदू आध्यात्मिक नेता) की ओर से अयोध्या में आमंत्रित किए जाने पर मुझे बहुत खुशी हो रही है। मैं कई अन्य कार्यक्रम छोड़कर वहां जा रहा हूं।”

ताज बचपन से ही भगवान राम की स्तुति में कविताएं और भजन लिख और गा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह एक बहुत गरीब परिवार से है और एक ‘कच्चे’ घर में रहता है।
भगवान राम ने सिखाई मर्यादा
अकबर ताज अपनी रचनाओं से देशभर में श्रीराम के चरित्र का गुणगान कर रहे हैं। रामलला पर आधारित उनकी रचनाओं ने उन्हें खूब सम्मान दिलाया। वे कहते हैं कि भगवान श्रीराम सबके हैं। उनका अवतार मानव जाति की भलाई के लिए हुआ।
अयोध्या में 22 जनवरी को रामलला की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर वे खुश हैं। वे कहते हैं भगवान श्रीराम का जीवन चरित्र हमें मर्यादा में जीने की सीख देता है। अकबर दिल्ली, जयपुर, हैदराबाद, लखनऊ, सूरत सहित देशभर के हिंदी मंचों पर रचनापाठ कर चुके हैं।