-MIT की छात्रा शिवानी भारती बनीं आईटीआई उप प्राचार्य, संस्थान में खुशी की लहर
मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (MIT), मुजफ्फरपुर के लिए गौरव और हर्ष का विषय है कि एम.टेक. (थर्मल इंजीनियरिंग) सत्र 2023-25 की छात्रा शिवानी भारती ने बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) द्वारा आयोजित आईटीआई उप प्राचार्य (Vice Principal) परीक्षा, विज्ञापन संख्या 40/2025 में सफलता प्राप्त की है।
शिवानी भारती की यह उल्लेखनीय उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, दृढ़ संकल्प और समर्पण का प्रतिफल है। उनकी सफलता से संस्थान में खुशी का माहौल है और छात्र-छात्राओं के बीच उत्साह का संचार हुआ है।

इस अवसर पर संस्थान के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) एम. के. झा ने शिवानी भारती को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की ऐसी उपलब्धियां संस्थान के लिए गर्व का विषय होने के साथ-साथ अन्य छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत भी हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि शिवानी भविष्य में भी अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान और राज्य का नाम रोशन करेंगी।
संस्थान परिवार ने शिवानी भारती को उनकी इस सफलता पर हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। यह उपलब्धि MIT मुजफ्फरपुर की शैक्षणिक उत्कृष्टता और विद्यार्थियों की प्रतिभा का एक और उदाहरण मानी जा रही है।












