Advertisement

Breaking: बलहिया में दर्दनाक हादसा,यात्री बस की ठोकर से बाइक चालक की मौत;सवार गम्भीर

-बलहिया में दर्दनाक हादसा,यात्री बस की ठोकर से बाइक चालक की मौत;सवार गम्भीर

मुजफ्फरपुर/बन्दरा। दीपक कुमार तिवारी।

सैदपुर-सरफुद्दीनपुर मुख्य सड़क में पीयर थाना क्षेत्र के बड़गांव पंचायत के बलहिया में बुधवार की शाम शहर से लौटती यात्री बस के ठोकर से बाइक चालक युवक की मौके पर मौत हो गई,जबकि दूसरा साथी सवार युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। पियर थाना के अध्यक्ष पंकज यादव ने बताया कि घटना में मृतक की पहचान बलहिया गांव के सुरेश ठाकुर के पुत्र बिट्टू कुमार(19) के रूप में की गई है, जबकि साथी घायल युवक नूनफ़ारा का पंकज कुमार है। जिसे इलाज के लिए बंदरा पीएचसी में भर्ती कराया गया। वहीं पीएचसी के चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर नौशाद अहमद ने बताया कि जख्मी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे एसकेएमसीएच रेफर कर दिया गया। इधर पीयर पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया। घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई।लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।

पूर्व पंसस पति मनीष ठाकुर ने बताया कि हादसे में जख्मी युवक पंकज चौकीदार सीताराम राय का नाती है। वहीं हादसे में मरा युवक बिट्टू घर का एकलौता चिराग था। वह अपने साथी पंकज के साथ बाइक से किसी काम के लिए खाते से पैसा निकासी करने बखरी सीएसपी सेंटर जा रहा था। पंकज का बाइक बिट्टू चला रहा था। इसी दौरान बलहिया में मोड़ के पास वह हादसे का शिकार हो गया।बस के आमने-सामने टकरा गया।

बलहिया मोड़ है खतरनाक, अक्सर होती है दुर्घटनाएं:

इधर बड़गांव पंचायत के मुखिया मोहम्मद अब्दुल सत्तार अंसारी ने बताया कि घटनास्थल बड़गांव पंचायत के बलहिया मोड़ पर हुई है। फोरलेन से जोड़ने वाली सैदपुर-सरफुद्दीनपुर इस मुख्य पथ में यहां खतरनाक मोड़ की वजह से यह हादसा हुई है। मोड़ के पास पेड़ पौधों एवं जंगलों की वजहों से आमने-सामने की गाड़ियां ओझल रहती हैं। जरा सी असावधानी या चूक होने पर अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती है। इलाके में यह दुर्घटनाओं के दृष्टिकोण से संवेदनशील स्थल है। शिक्षक संजय कुमार एवं अन्य लोगों ने बताया कि यहां साल में अक्सर छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं होती रहती है। घटना के बाद से मृतक बिट्टू के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। उसके माता-पिता लगातार दहाड़ मार कर रो रहे थे। मुखिया ने बताया कि मृतक बिट्टू उसका इकलौता पुत्र था। उसकी मौत से घर का चिराग बुझ गया।