Advertisement

Breaking: पुलिस और अपराधियों में मुठभेड़, 4 बदमाशों को लगी गोली

चंपारण की खबर::
-पुलिस और अपराधियों में मुठभेड़, 4 बदमाशों को लगी गोली
मोतिहारी / राजन द्विवेदी।

जिले के चकिया बैंक लूट कांड में शामिल अपराधियों की चकिया थाना क्षेत्र के बाराघाट के समीप घेराबंदी के दौरान सोमवार की देर शाम पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में जहां अपराधियों ने करीब 15 राउंड गोलियां चलाई। वहीं जवाबी कार्रवाई में पुलिस को भी दस चक्र गोलियां चलानी पड़ी। जिसमें चार अपराधी जख्मी हो गए, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें दबोच लिया और इलाज के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल ले गए। गिरफ्तार अपराधियों में सन्नी झा, राजन तिवारी, नीतेश मिश्रा एवं लक्की उर्फ तौकीर आलम शामिल हैं। वहीं गोलीबारी में तीन पुलिसकर्मी के भी जख्मी होने की सूचना है।

इस संबंध में एसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि सूचना मिली थी कि बैंक लूट कांड में शामिल अपराधी फिर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए चकिया में इकट्ठा होने वाले हैं। जिसके बाद पुलिस ने नाकेबंदी कर वाहनों की तलाशी अभियान शुरू कर दिया। इसी बीच अपराधियों ने बाराघाट में पुलिस को देख फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की चेतावनी के बाद भी अपराधी फायरिंग से बाज नहीं आए तब पुलिस को भी आत्मरक्षार्थ फायरिंग करनी पड़ी। जिसमें चार अपराधी जख्मी हो गए। जिन्हें पुलिस ने धर दबोचा । अपराधियों के पास से दो पिस्टल, दो देसी कट्टा, एक मैगजीन एवं दस जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। गिरफ्तार अपराधी सन्नी झा वैशाली जिले के जंदाहा निवासी है। जिसके खिलाफ जंदाहा, नवगछिया एवं चकिया थाना में आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं दूसरा राजन तिवारी छौड़ादानो थाना क्षेत्र स्थित श्रीपुर गांव निवासी है। जिसके खिलाफ पूर्व से रक्सौल, रामगढवा एवं चकिया थाना में आपराधिक मामले दर्ज हैं। तीसरा नीतेश मिश्रा हरसिद्धि थाना क्षेत्र स्थित भादा गांव निवासी है। इसके खिलाफ सुगौली एवं चकिया थाना में आपराधिक मामले दर्ज हैं। जबकि चौथे लक्की उर्फ तौकीर आलम मुजफ्फरपुर जिले के बरूराज थाना क्षेत्र स्थित परसौनी गांव निवासी है। इसके खिलाफ पूर्व से चकिया थाना में आपराधिक मामले दर्ज हैं।