-गया के फल्गू नदी में बम धमाका, BMP के दो जवान समेत 5 सुरक्षाकर्मी घायल; डिफ्यूज करने के दौरान हुआ हादसा
सम्वाददाता। पटना/गया।
गया शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत फल्गु नदी में रविवार की दोपहर बम डिफ्यूज करने के दौरान बीएमपी के 2 जवान समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। बताया गया कि कोतवाली थाना में पिछले दिनों एक अपराधी के पास से छह बम बरामद किया गया था। उसी बम को आज डिफ्यूज करने के लिए फल्गु नदी में ले जाया गया, जब यह हादसा हो गया।

बम डिफ्यूज करने के लिए बीएमपी 3 के बम डिफ्यूज दस्ता को बुलाया गया था। कोतवाली थाना के पुलिस पदाधिकारी विद्या प्रसाद यादव के देखरेख में बीएमपी के बम डिफ्यूज दस्ता फल्गु नदी में गए थे। बम डिफ्यूज करने के क्रम में विस्फोट हो गया। इसमें BMP 3 के बम निरोधक दस्ता में शामिल अर्जुन कुमार पंडित, शिव प्रसाद पासवान बुरी तरह जख्मी हो गए।वहीं, घटनास्थल पर मौजूद कोतवाली थाना के पुलिस पदाधिकारी विद्या प्रसाद यादव, जवान प्रमोद कुमार व दिलीप कुमार को भी बम के छर्रे लगे हैं। सभी लोगों को पहले जयप्रकाश नारायण अस्पताल में ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। जेपीएन अस्पताल से बीएमपी के दो जवान अर्जुन कुमार पंडित और शिव प्रसाद पासवान को बेहतर इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
















