Breaking: स्मार्ट मीटर के खिलाफ पूसा विद्युत कार्यालय पर किया विरोध प्रदर्शन
-स्मार्ट मीटर के नाम पर गरीबों को प्रताड़ित करना बंद करें बिजली विभाग:रौशन
-जनता को लूटने वाला स्मार्ट मीटर का विरोध जनता सड़क पर उतरकर करना चाहिए:अमित
पूसा/समस्तीपुर।दीपक तिवारी।
आज इंकलाबी नौजवान सभा “आरवाईए” के झंडा-बैनर तले मानस मंदिर से बैंक चौक, थाना होते हुए प्रतिरोध मार्च निकालकर पूसा विधुत कार्यालय के समक्ष विरोध प्रदर्शन कर स्मार्ट मीटर की बाध्यता ख़त्म करो, उपभोक्ताओं को फर्जी बिल भेजना बंद करो, 24 घंटे बिजली का प्रबंध करो, दिल्ली, पंजाब, कर्नाटक के तर्ज़ पर 200 यूनिट बिजली मुफ़्त करो, पंचायत स्तर कैंप लगाकर बिजली बिल सुधार करने सहित अन्य मुद्दों को लेकर नारे लगा रहे थे। कार्यक्रम का नेतृत्व आरवाईए जिला सचिव रौशन कुमार ने किया।
सभा को संबोधित करते हुए आरवाईए जिला सचिव रौशन कुमार ने कहा कि जब से लोगों के घरों में स्मार्ट मीटर लगा है तब से अनर्गल बिजली बिल आने शुरू हो गए. अब जब लोग फर्जी बिजली बिल के कारण से रूबरू हो चुके है और स्मार्ट मीटर लगवाने से इनकार कर रहे हैं तो बिजली विभाग स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर जोर जबरदस्ती कर रही है जो निंदनीय है, सबसे बड़ी विडंबना यह है की बिहार देश का सबसे पिछड़ा राज्य होने के बावजूद यहां अन्य विकसित राज्यों के तुलना में बिजली दर बहुत महंगा है. इतनी महंगी बिजली दर का भुगतान करने के बाद भी प्रखंड एवं जिलावासियों को बिजली के आंख मिचौली का सामना करना पड़ता है। जिसके वजह से उपभोक्ताओं में नाराजगी है. उन्होंने कहा जिस वक्त 100 वाट्स का बल्ब उपयोग में था उस समय मात्र 150-300 रुपए बिल आता था. अब जब 9-10 वाट्स के एलईडी बल्ब का जमाना है तो बिजली बिल घटने के बजाय और चार गुना बढ़ गया है. गरीब- गुरबे लोग इतनी महंगी बिजली दर चुकाने के स्थिति में नहीं है. खुद बिहार सरकार के जनगणना की रिपोर्ट है की बिहार में 95 लाख लोगों की मासिक आय 6000 रुपए से भी कम है इसीलिए हमारा संगठन अन्य राज्यों के तर्ज पर बिहार में भी 200 यूनिट बिजली फ्री करने की मांग कर रही है. ताकि गरीब तबके के लोगों भी बिजली की सुविधा उठा सके.
सभा को संबोधित भाकपा-माले प्रखंड सचिव अमित कुमार ने कहा कि प्रीपेड मीटर तेज चलने की खबर लगातार आ रही है।

जो उपभोक्ता डीजिटल मीटर का 250-300 रूपये का बिल आता था, डीजिटल मीटर लगते ही उनका बिल 5 सौ रूपये का आने लगा। यह सत्यापित जानकारी है कि एक किलोवाट लोड का प्रीपेड मीटर का इलेक्ट्रिक बिल एवं मीटर रेंट 10 रूपये हैं। स्वाभाविक है कि महीने का 3 सौ और साल का 36 सौ रूपये बिना बिजली जलाये ही विभाग वसूलती है, यह जनता की गाढ़ी कमाई का लूट है और इस लूट का विरोध किया जाना चाहिए। मौके पर आरवाईए नेता बिट्टू कुमार, गणपत कुमार, विक्की शाह, अविनाश वर्मा, राजा कुमार, दीपक कुमार, संजीत कुमार, प्रशांत कुमार, प्रिंस कुमार, गोलू कुमार, भाकपा-माले जिला कमिटी सदस्य किशोर कुमार राय महेश सिंह, सुरेश कुमार, श्रवण कुमार, अमृता देवी, सरिता देवी, संगीता देवी सुनीता देवी, संजू देवी, संजीव झा, जितेंद्र महतो, चुन्नू महतो अन्य दर्जनों नौजवानों उपस्थित थे।
अंत में प्रदर्शन के दौरान आरवाईए प्रतिनिधिमंडल आरवाईए जिला सचिव रौशन कुमार नेतृत्व में बिजली विभाग के पदाधिकारी को बिजली से जुड़ी समस्याओं के 10 सूत्री मांग-पत्र सौंपा।












