-मिर्च व्यवसायी हत्या मामले का पटाक्षेप, मुख्य सरगना समेत दो गिरफ्तार
मोतिहारी/ राजन द्विवेदी।
सिकरहना अनुमंडल स्थित घोड़ासहन के मिर्च व्यवसायी श्यामनाथ साह हत्याकांड मामले को लेकर गठित पुलिस की एसआईटी टीम ने दो अपराधी को गिरफ्तार कर मामले का पटाक्षेप कर दिया है। इस संबंध में सिकरहना डीएसपी राजेश कुमार ने बताया कि उक्त हत्या में संलिप्त अपराधी व इस कांड के मुख्य सरगना संदीप सहित शैलेंद्र को एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस व एक चोरी की बाईक के साथ गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार दोनों अपराधी जितना थाना क्षेत्र के बिजबनी गाँव निवासी है। डीएसपी श्री कुमार ने बताया कि जिला पुलिस कप्तान के निर्देश पर एक एसआईटी टीम का गठन किया गया गया था, जो दोनों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में शामिल अन्य अपराधियों को भी पुलिस ने चिन्हित कर उनकी तलाश में छापेमारी कर रही है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार अभियुक्तों के निशानदेही पर पुलिस टीम ने अनुमंडल के चिरैया व घोड़ासहन थाना क्षेत्र में घटित अन्य चार लूट, चोरी सहित अन्य संगीन मामलों का उद्भेदन भी पुलिस ने कर लिया है। मौके पर घोड़ासहन के थानाध्यक्ष भी मौजूद थे।
















