-अहियापुर में सड़क किनारे संदिग्ध अवस्था में हलवाई का शव मिला, हत्या की आशंका; FSL ने जुटाए साक्ष्य
-चार बच्चों के पिता सुशील कुमार की मौत से परिवार में मातम, पोस्टमार्टम के लिए SKMCH भेजा गया शव
मुजफ्फरपुर। अहियापुर थाना क्षेत्र के पुरानी जीरोमाइल रोड किनारे शनिवार सुबह एक हलवाई का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान दरभंगा जिले के निवासी 35 वर्षीय सुशील कुमार के रूप में हुई है। वह शादी-विवाह और कैटरिंग कार्यक्रमों में हलवाई का काम करता था तथा अहियापुर इलाके में किराए के मकान में परिवार के साथ रहता था।
शनिवार सुबह सड़क किनारे शव मिलने की सूचना पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही अहियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटना की खबर मिलने पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
मृतक की पत्नी प्यारी देवी ने बताया कि उनके पति करीब दस दिन पहले काम के सिलसिले में घर से निकले थे। सीतामढ़ी के ठेकेदार रमेश हलवाई ने उन्हें काम के लिए बुलाया था। शुक्रवार रात पति से फोन पर बातचीत हुई थी। उस दौरान उन्होंने काम खत्म होने और जल्द घर लौटने की बात कही थी।

इसके बाद रात में उनसे संपर्क नहीं हो सका। शनिवार सुबह ननद के पति के माध्यम से उन्हें पति का शव सड़क किनारे पड़े होने की सूचना मिली। उन्होंने बताया कि परिवार जिस किराए के मकान में रहता है, वहां से घटनास्थल की दूरी करीब पांच सौ मीटर है।
चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, हत्या की आशंका:
सुशील कुमार अपने परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी संभालते थे। उनके दो बेटे और दो बेटियां हैं। पति की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी प्यारी देवी ने पति की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। हालांकि, मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल टीम को घटनास्थल पर बुलाया। टीम ने मौके से साक्ष्य संकलित किए। मौके पर मौजूद दरोगा नेहा कुमारी ने बताया कि शव मिलने की सूचना पर पुलिस टीम पहुंची थी। एफएसएल टीम से साक्ष्य संकलन कराया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया है।
पुलिस स्थानीय लोगों और परिजनों से पूछताछ कर मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।












