Advertisement

अहियापुर में सड़क किनारे मिला हलवाई का शव, हत्या कर फेंके जाने की आशंका से सनसनी

-अहियापुर में सड़क किनारे मिला हलवाई का शव, हत्या कर फेंके जाने की आशंका से सनसनी

-दरभंगा के सिंघवाड़ा निवासी 38 वर्षीय सुशील कुमार की हुई पहचान -बहन के घर रहकर करते थे हलवाई का काम

मुजफ्फरपुर। अहियापुर थाना क्षेत्र के पुरानी जीरोमाइल चौक के समीप शनिवार सुबह सड़क किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। प्रथम दृष्टया युवक की हत्या कर शव सड़क किनारे फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है।

मृतक की पहचान दरभंगा जिले के सिंघवाड़ा थाना क्षेत्र निवासी 38 वर्षीय सुशील कुमार के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलने पर उनकी पत्नी प्यारी देवी भी मौके पर पहुंचीं।

उन्होंने बताया कि उनके पति मुजफ्फरपुर में अपनी बहन के घर रहकर शादी-विवाह और अन्य आयोजनों में हलवाई का काम करते थे। उनके परिवार में दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं।

सड़क किनारे शव मिलने की खबर से इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल है। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। हत्या की आशंका के बीच पुलिस मामले की जांच कर रही है।