Advertisement

भाकपा-माले जिला कमेटी की बैठक में जनसमस्याओं पर आंदोलन तेज करने का निर्णय

-भाकपा-माले जिला कमेटी की बैठक में जनसमस्याओं पर आंदोलन तेज करने का निर्णय

-मंगलगढ़ के उजाड़े गए भूमिहीन परिवारों को जमीन का पर्चा देकर पुनर्वास करे सरकार : उमेश कुमार
-संविधान, लोकतंत्र और गरीबों-किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए व्यापक जनएकजुटता जरूरी : बैद्यनाथ यादव

समस्तीपुर। भाकपा-माले समस्तीपुर जिला कमेटी की बैठक शुक्रवार को मालगोदाम चौक स्थित पार्टी जिला कार्यालय में हुई। बैठक की अध्यक्षता राज्य कमेटी सदस्य ललन कुमार ने की, जबकि संचालन जिला सचिव उमेश कुमार ने किया। पर्यवेक्षक के रूप में भाकपा-माले राज्य स्थायी समिति सदस्य सह दरभंगा जिला सचिव बैद्यनाथ यादव मौजूद रहे।
बैठक की शुरुआत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं स्वदेश भट्टाचार्य, फुलेन्द प्रसाद सिंह, सुशील कुमार अधिवक्ता, मो. लैस और सोनेलाल सदा को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद पिछले सांगठनिक और राजनीतिक कार्यों की समीक्षा की गई तथा आगामी राज्यस्तरीय सांगठनिक कार्यक्रमों पर चर्चा हुई। बैठक में मंगलगढ़ में उजाड़े गए भूमिहीन परिवारों के पुनर्वास, जिले में बढ़ती हत्या और आपराधिक घटनाओं, सरकारी शिक्षा व्यवस्था की स्थिति तथा किसानों, मजदूरों और नौजवानों की समस्याओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए बैद्यनाथ यादव ने कहा कि देश और बिहार में गरीबों, किसानों, मजदूरों, छात्रों और नौजवानों के अधिकारों पर लगातार हमले हो रहे हैं। सरकारें जनता के बुनियादी सवालों से ध्यान भटकाने में लगी हैं।

उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों, संविधान और धर्मनिरपेक्षता की रक्षा के साथ शिक्षा, रोजगार, जमीन और सम्मानजनक जीवन के सवालों पर व्यापक जनएकजुटता जरूरी है। उन्होंने पार्टी संगठन को पंचायत और गांव स्तर तक मजबूत करने तथा स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर योजनाबद्ध तरीके से आंदोलन तेज करने का आह्वान किया।
उन्होंने जिले में बढ़ती हत्या और आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए प्रशासन से अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
जिला सचिव उमेश कुमार ने कहा कि हसनपुर प्रखंड के मंगलगढ़ में उजाड़े गए भूमिहीन परिवारों को अब तक जमीन का पर्चा और सम्मानजनक पुनर्वास नहीं मिलना दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार अविलंब इन परिवारों को जमीन का पर्चा देकर बसाने की व्यवस्था करे। उन्होंने किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने, धान खरीद में पारदर्शिता रखने और उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही मजदूरों को सम्मानजनक मजदूरी, नौजवानों को रोजगार तथा गरीब परिवारों को राशन, आवास और पेंशन जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
बैठक में संगठन को मजबूत बनाने और गरीबों, भूमिहीनों, किसानों, मजदूरों, छात्रों तथा नौजवानों के मुद्दों को लेकर संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया गया। मौके पर जिला कमेटी सदस्य फूलबाबू सिंह, अजय कुमार, गंगा प्रसाद पासवान, रौशन कुमार, अनिल कुमार चौधरी, हरिकांत झा, महेश कुमार और खुर्शीद खैर उपस्थित रहे।