-कार्यालय में समय पर नहीं पहुंचे छह स्वास्थ्यकर्मी, सिविल सर्जन ने मांगा स्पष्टीकरण
पटना। स्वास्थ्य विभाग के कार्यालयों में समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने को लेकर सिविल सर्जन डॉ. वाईपी मंडल ने सख्त रुख अपनाया है। निर्धारित समय पर कार्यालय नहीं पहुंचने वाले छह कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। इस संबंध में सिविल सर्जन ने 24 नवंबर को पत्र जारी कर संबंधित कर्मियों से जवाब तलब किया है।
जारी पत्र के अनुसार, समाहरणालय से संपर्क किए जाने पर सुबह 11:34 बजे तक छह कर्मी अपने-अपने कार्यस्थल से अनुपस्थित पाए गए थे।

इनमें सिविल सर्जन कार्यालय के लिपिक जितेंद्र कुमार, सुनील कुमार और रंजीत कुमार सिंह शामिल हैं। वहीं, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी कार्यालय के लिपिक नागेंद्र कुमार, रमेंद्र कुमार और राजेश झा भी अनुपस्थित पाए गए।
सिविल सर्जन ने अपने पत्र में कहा है कि अवकाश पर जाने से पहले सभी कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया था कि वे निर्धारित समय पर कार्यालय में उपस्थित रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। इसके बावजूद समय पर कार्यालय नहीं पहुंचना लापरवाही और स्वेच्छाचारिता को दर्शाता है।
सीएस ने संबंधित कर्मियों से जवाब मांगा है कि निर्देशों के बावजूद समय पर कार्यालय नहीं पहुंचने के लिए उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई क्यों नहीं की जाए। अब कर्मियों के स्पष्टीकरण के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।











