-वंचित समाज को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए भेदभाव समाप्त करना जरूरी : वक्ता
राजापाकर-संजय श्रीवास्तव।
ब्रज मोहन दास महाविद्यालय, दयालपुर के सभागार में प्राचार्य डॉ. तारकेश्वर पंडित की अध्यक्षता में समान अवसर प्रकोष्ठ एवं एससी/एसटी प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में ‘संवैधानिक अधिकार और वंचित समाज’ विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्वलित कर किया गया। मंच संचालन छात्रा मेहर प्रवीण एवं प्रिया कुमारी ने किया।
विषय प्रवेश कराते हुए प्रो. अनामिका आनंद ने कहा कि वंचित समाज के प्रति भेदभाव समाप्त किया जाना चाहिए। सकारात्मक उपायों के माध्यम से उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की जरूरत है। राज्य के नीति निर्देशक तत्वों के अनुरूप वंचित समाज को उसके सभी अधिकार मिलने चाहिए।

प्राचार्य डॉ. तारकेश्वर पंडित ने अपनी कविता के माध्यम से वंचित तबकों की समस्याओं को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि केवल समान अधिकारों की बात करने से बदलाव नहीं आएगा, बल्कि वंचित समाज के कल्याण के लिए योजनाओं को धरातल पर उतारना होगा। सभी वर्गों के विकास के बिना समाज और देश का कल्याण संभव नहीं है। इसके लिए दूरदर्शी योजनाएं बनाने की आवश्यकता है।
डॉ. श्याम रंजन प्रसाद सिंह ने कहा कि केवल कल्याण की बातें करने से मानव का वास्तविक कल्याण नहीं हो सकता। किसी भी वंचित तबके के साथ किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए। जब तक देश के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ नहीं पहुंचता, तब तक देश का विकास अधूरा है।
इस अवसर पर आईक्यूएसी के डॉ. सौरभ कुमार ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के अंत में डॉ. सुरविंद कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया।











