-सकरा के पंचदही गांव में श्रीराम कथा महायज्ञ का समापन, 21 कन्याओं का निशुल्क सामूहिक विवाह और 11 बच्चों का जनेऊ संस्कार
मुजफ्फरपुर। सकरा प्रखंड के मझौली पंचदही गांव में आयोजित विश्व कल्याणार्थ श्रीराम कथा महायज्ञ एवं सामूहिक विवाह समारोह का नौवें और अंतिम दिन धार्मिक अनुष्ठानों एवं सामाजिक सेवा के साथ समापन हुआ। आयोजन के अंतिम दिन 11 बच्चों का सामूहिक जनेऊ संस्कार कराया गया, वहीं 21 कन्याओं का निशुल्क सामूहिक विवाह संपन्न कराया गया। कार्यक्रम हिंदूवादी नेता वैभव मिश्रा के संरक्षण में आयोजित हुआ।
समापन अवसर पर कथा वाचक महाराज श्री लक्ष्मण दास जी ने आयोजन समिति के सदस्यों को सम्मान चिह्न एवं अंगवस्त्र देकर आशीर्वाद प्रदान किया। कार्यक्रम के संरक्षक वैभव मिश्रा ने कहा कि इस भव्य आयोजन का उद्देश्य हिंदू समाज को आर्थिक और धार्मिक रूप से सशक्त बनाना है। मेले में जरूरतमंद परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर दुकानें उपलब्ध कराई गईं। उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म में कन्यादान को महादान माना गया है, इसी भावना से जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का निशुल्क विवाह कराया गया।

विश्व सनातन सेना के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार ने कहा कि इस तरह के धार्मिक और सामाजिक आयोजन पंचदही गांव सहित पूरे क्षेत्र के हिंदू समाज को मजबूती प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि आयोजन के माध्यम से समाज के जरूरतमंद लोगों को आर्थिक एवं सामाजिक सहयोग देने का प्रयास किया गया है। उनके अनुसार, सामूहिक विवाह जैसे कार्यक्रम सामाजिक एकता और सनातन संस्कृति के प्रति लोगों की सहभागिता को बढ़ावा देते हैं।
इस आयोजन में बिहार सरकार के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, सकरा विधायक आदित्य कुमार, भाजपा नेत्री पूनम वर्मा, अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के केंद्रीय अध्यक्ष आचार्य चंद्रकिशोर पाराशर, विश्व सनातन सेना के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार और राजद नेत्री रश्मि गौतम समेत उत्तर बिहार के कई गणमान्य लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम के अध्यक्ष चंद्रभूषण मिश्रा, संयोजक गौरव मिश्रा, उपाध्यक्ष सुमन मिश्रा सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं और पंचदही गांव के लोगों के सहयोग से आयोजन संपन्न हुआ। आयोजकों ने इसे धार्मिक आस्था, सामाजिक सहयोग और सामूहिक सहभागिता का आयोजन बताया।












