Advertisement

शातिर बदमाशों का नया तरीका, मोबिल गिरने का झांसा देकर रिटायर्ड शिक्षिका का बैग उड़ाया

-शातिर बदमाशों का नया तरीका, मोबिल गिरने का झांसा देकर रिटायर्ड शिक्षिका का बैग उड़ाया

-कार में स्प्रे का असर होने से बेहोश हुईं शिक्षिका
-पोते को जांच में उलझाकर वारदात को दिया अंजाम
-सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

मुजफ्फरपुर। शहर में बदमाशों ने चोरी की एक नई तरकीब अपनाते हुए रिटायर्ड शिक्षिका को अपना निशाना बनाया। ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के लक्ष्मी चौक के पास शनिवार को बदमाशों ने कार से मोबिल गिरने और धुआं निकलने का झांसा देकर शिक्षिका निर्मला कुमारी का बैग उड़ा लिया। वारदात के दौरान कार के अंदर स्प्रे का असर होने से शिक्षिका बेहोश हो गईं। वहीं, उनके पोते को गाड़ी की जांच में उलझाकर बदमाश बैग लेकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, औराई थाना क्षेत्र के मटिहानी गांव निवासी रिटायर्ड शिक्षिका निर्मला कुमारी अपने पोते उत्सव कुमार के साथ रेडक्रॉस स्थित एसबीआई शाखा में लाइफ सर्टिफिकेट जमा कर घर लौट रही थीं। इसी दौरान दोनों लक्ष्मी चौक के पास पहुंचे, तभी एक युवक ने उनकी कार से मोबिल लीक होने और धुआं निकलने की बात कही। युवक की बात पर पोते ने कार आगे बढ़ाकर जांच की तो सड़क पर मोबिल जैसा पदार्थ छींटा हुआ मिला।


इसके बाद बोनट की जांच करने के लिए कार का दरवाजा खोला गया। पीड़िता के मुताबिक, दरवाजा खुलते ही कार के अंदर धुएं जैसा माहौल हो गया और स्प्रे का असर महसूस होने लगा। इससे उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गईं। इसी दौरान एक युवक बोनट उठाकर गाड़ी की जांच करने की बात कहकर पोते को उलझाए रहा, जबकि दूसरे युवक ने कार का खुला दरवाजा देखकर अंदर रखा बैग निकाल लिया।
जब उत्सव कुमार बोनट के पास से वापस लौटा तो उसने अपनी दादी को बेहोश पाया। इसके बाद उसने शोर मचाया। होश आने पर निर्मला कुमारी को बैग गायब होने की जानकारी मिली। पीड़िता के अनुसार, बैग में 500 से 1000 रुपये नकद और कुछ जरूरी कागजात थे। उन्होंने आशंका जताई कि बदमाशों ने साजिश के तहत उनकी कार पर मोबिल जैसा पदार्थ छींटा था, जबकि वास्तव में कार से मोबिल लीक नहीं हो रहा था।
इस संबंध में ब्रह्मपुरा थानाध्यक्ष विपिन कुमार रंजन ने बताया कि लक्ष्मी चौक के पास मोबिल छींटकर और स्प्रे मारकर दो व्यक्तियों द्वारा पर्स व बैग लेकर भागने की सूचना मिली है। पुलिस मामले का सत्यापन कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके।