-बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के नये सहायक प्रोफेसरों की सेवा संपुष्टि की कवायद तेज
-25 नवंबर तक मांगी गई सीसीआर रिपोर्ट
-कुलपति के आदेश पर कुलसचिव ने जारी किया निर्देश
-विभागाध्यक्ष और प्राचार्य की अनुशंसा के साथ मुहरबंद लिफाफे में जमा करनी होगी रिपोर्ट
मुजफ्फरपुर। बीआरए बिहार विश्वविद्यालय में नवनियुक्त सहायक प्रोफेसरों की सेवा संपुष्टि (सर्विस कन्फर्मेशन) की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसको लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी संबंधित शिक्षकों से गोपनीय कार्य रिपोर्ट (सीसीआर) तलब की है। कुलपति के आदेश पर कुलसचिव ने इस संबंध में आधिकारिक निर्देश जारी किया है।
जारी निर्देश के अनुसार, विश्वविद्यालय के विभिन्न पीजी विभागों और अंगीभूत कॉलेजों में नियुक्त सभी नये सहायक प्रोफेसरों को 25 नवंबर की शाम चार बजे तक अपनी सीसीआर रिपोर्ट कुलसचिव कार्यालय में जमा करनी होगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने निर्धारित समय-सीमा का पालन अनिवार्य किया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही सेवा संपुष्टि से संबंधित आगे की प्रशासनिक प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
-
विश्वविद्यालय ने रिपोर्ट जमा करने के लिए कुछ जरूरी शर्तें भी निर्धारित की हैं। इसके तहत प्रत्येक शिक्षक को अपनी सीसीआर संबंधित पीजी विभागाध्यक्ष या कॉलेज के प्राचार्य से विधिवत अग्रसारित और अनुशंसित करानी होगी। बिना विभागाध्यक्ष या प्राचार्य की अनुशंसा के रिपोर्ट स्वीकार नहीं की जाएगी। इसके साथ ही सेवा और नियुक्ति से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज भी संलग्न करने होंगे।
गोपनीयता बनाए रखने के लिए शिक्षकों को पूरी रिपोर्ट और सहायक दस्तावेज मुहरबंद लिफाफे में ही कुलसचिव कार्यालय में जमा कराने का निर्देश दिया गया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, सेवा संपुष्टि की प्रक्रिया में सीसीआर की अहम भूमिका होती है। इसके माध्यम से संबंधित शिक्षक के शैक्षणिक कार्यों, प्रशासनिक जिम्मेदारियों और सेवा रिकॉर्ड का मूल्यांकन किया जाता है। विभागाध्यक्ष और प्राचार्य की अनुशंसा के आधार पर शिक्षकों के कार्य प्रदर्शन का संस्थान स्तर पर आकलन किया जाएगा। ऐसे में निर्धारित समय के भीतर सभी औपचारिकताएं पूरी कर रिपोर्ट जमा करना संबंधित शिक्षकों के लिए जरूरी होगा।












