-पीएम मोदी के वैशाली दौरे को लेकर मुजफ्फरपुर में ट्रैफिक अलर्ट
-कई मार्गों पर भारी वाहनों की नो एंट्री
-पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
मुजफ्फरपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर को वैशाली परिभ्रमण कार्यक्रम को लेकर मुजफ्फरपुर जिले की यातायात व्यवस्था में व्यापक बदलाव किया गया है। कार्यक्रम में वीवीआईपी और वीआईपी अतिथियों के साथ बड़ी संख्या में आमलोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है।
यातायात को सुगम, सुरक्षित और जाममुक्त बनाए रखने के लिए जिले के कई प्रमुख मार्गों पर भारी एवं व्यावसायिक वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध लगाया गया है। हालांकि, एंबुलेंस, दमकल और अन्य आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को प्रतिबंध से मुक्त रखा गया है।
जारी ट्रैफिक प्लान के अनुसार, मनियारी थाना क्षेत्र के काजीइंडा चौक से महुआ की ओर भारी एवं व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इसी तरह फकुली चौक से दाहिनी ओर लालगंज जाने वाली सड़क पर भी ऐसे वाहनों का परिचालन नहीं होगा। सरैया थाना क्षेत्र के मानिकपुर और बखरा चौक से वैशाली की ओर जाने वाले मार्गों पर भी भारी एवं व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। इन सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर यातायात पुलिस के जवान तैनात रहेंगे।

प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं। मुजफ्फरपुर-समस्तीपुर मार्ग यानी एनएच-122 (पुराना एनएच-28) से आने वाले वाहन रामदयालु तीनमुहानी, रामदयालु गुमटी और मधौल मोड़ होते हुए एनएच-22 के रास्ते वैशाली जा सकेंगे।
वहीं, सारण जिले से सरैया के रास्ते मुजफ्फरपुर आने वाले वाहन पताही फ्लाईओवर से न्यू बाईपास और मधौल मोड़ होते हुए एनएच-22 के रास्ते वैशाली की ओर जा सकेंगे।
पुलिस प्रशासन के अनुसार, प्रधानमंत्री के कार्यक्रम और वीवीआईपी मूवमेंट के कारण मुजफ्फरपुर-हाजीपुर मुख्य मार्ग पर वाहनों का अत्यधिक दबाव रहने की संभावना है। इसे देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है। साथ ही, मौके की परिस्थिति और जरूरत के अनुसार यातायात व्यवस्था में आंशिक बदलाव भी किया जा सकता है।
मुजफ्फरपुर पुलिस ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। यात्रा पर निकलने से पहले रूट की जानकारी लेने की भी सलाह दी गई है।
किसी भी तरह की असुविधा या यातायात संबंधी जानकारी के लिए मुजफ्फरपुर यातायात नियंत्रण कक्ष के इन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है।
0621-2211010
9431896700
0621-2212107
पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और निर्धारित यातायात नियमों का पालन करें।












