-पति के दरवाजे पर हुआ विवाहिता का अंतिम संस्कार, इलाज के दौरान मौत; मायके वालों ने लगाया जहर देकर हत्या का आरोप
मुजफ्फरपुर। सदर थाना क्षेत्र के पताही पंचायत स्थित मोहम्मदपुर पताही गांव में एक विवाहिता की इलाज के दौरान मौत के बाद मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ। मौत से आक्रोशित मायके वालों ने शव को उसके ससुराल पहुंचाया, जहां ग्रामीणों की मौजूदगी में पति के दरवाजे पर ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। मृतका की पहचान चंदन ठाकुर की 35 वर्षीय पत्नी बीभा ठाकुर के रूप में हुई है। मृतका के भाई ने ससुराल पक्ष पर खाने में जहरीला पदार्थ देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
मृतका के भाई आकाश चौधरी के अनुसार, वर्ष 2014 में बीभा की शादी मोहम्मदपुर पताही गांव निवासी चंदन ठाकुर से हुई थी। दोनों की 12 वर्षीय एक बेटी है। आरोप है कि शादी के कुछ महीने बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया था। बीभा अक्सर अपने मायके वालों को ससुराल में हो रहे विवाद की जानकारी देती थी। आकाश का आरोप है कि गर्भावस्था के दौरान भी पति और ससुराल के अन्य सदस्य उस पर गर्भपात कराने का दबाव बनाते थे।

परिजनों के मुताबिक, विवाद बढ़ने के बाद बीभा अपने मायके वालों के साथ अहमदाबाद चली गई थी। बच्चे के जन्म के बाद वह वापस लौटी। इधर, पति-पत्नी के बीच तलाक का मामला न्यायालय में चल रहा था। आकाश के अनुसार, इस मामले में 12 दिसंबर को अंतिम फैसला आने वाला था।
परिजनों ने बताया कि छठ पूजा के संध्या अर्घ्य से एक दिन पहले बीभा की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उसने इसकी सूचना मायके वालों को दी। इसके बाद उसके मौसेरे भाई राहुल ने उसे प्रसाद हॉस्पिटल में भर्ती कराया। आकाश का दावा है कि अस्पताल में चिकित्सकों ने बताया कि बीभा का लीवर और किडनी गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। इसी आधार पर मायके वालों को खाने में विषैला पदार्थ दिए जाने की आशंका हुई। हालांकि, जहर देने की बात की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इलाज के दौरान बीभा ने दम तोड़ दिया।
मौत की खबर मिलते ही मायके पक्ष के लोग आक्रोशित हो गए और शव लेकर मोहम्मदपुर पताही स्थित ससुराल पहुंच गए। इसके बाद पति के दरवाजे पर ही अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान भाई आकाश चौधरी ने भावुक होते हुए कहा कि जब जीते जी बहन को साथ नहीं रखा गया तो कम से कम मरने के बाद उसका अंतिम संस्कार पति के दरवाजे पर कर दिया, ताकि अब वह हमेशा यहीं रहे।
फिलहाल, मायके पक्ष की ओर से ससुराल वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। विवाहिता की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।












