-प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर राजापाकर में तैयारियां तेज, चिराग पासवान ने लिया जायजा
-21 नवंबर को राजापाकर में प्रस्तावित है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम
-डीएम व अधिकारियों के साथ की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक
राजापाकर-संजय श्रीवास्तव। आगामी 21 नवंबर 2026 को हाजीपुर लोकसभा क्षेत्र के वैशाली जिले के राजापाकर प्रखंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तैयारियां युद्धस्तर पर की जा रही हैं। इसी कड़ी में केंद्रीय मंत्री एवं स्थानीय सांसद चिराग पासवान ने कार्यक्रम स्थल का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह एवं जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में मंच निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, पेयजल और कार्यक्रम में आने वाले आम लोगों की सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरी की जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम के दिन आम लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रखने के साथ ही लोगों के सुगम आवागमन और व्यवस्थित पार्किंग पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
समीक्षा बैठक के बाद चिराग पासवान ने कार्यक्रम स्थल के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण कर निर्माण कार्यों की प्रगति देखी। इस दौरान मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
मौके पर बिहार सरकार के पीएचईडी मंत्री संजय सिंह, गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान, एमएलसी अशरफ अंसारी, लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक, वरिष्ठ नेता अवधेश कुमार सिंह, प्रदेश महासचिव राजकुमार पासवान, हरिहर पासवान, सुरेंद्र ठाकुर, युवा प्रदेश महासचिव संतोष शर्मा, अविनाश शर्मा, संजय पासवान, गुलाम साबिर, शंकर पासवान, श्रीकांत पासवान, मुकेश साह, संजय चौधरी, अजित चंद्रवंशी, मुकेश पटेल, कबीर पासवान, राकेश पासवान, पंकज झा एवं सुजीत पासवान सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।












