-चेन्नई में ड्यूटी के दौरान करंट लगने से रेलवे कर्मचारी की मौत
-मुसरीघरारी पहुंचा पार्थिव शरीर
-गांव में पसरा मातम
समस्तीपुर। नगर पंचायत मुसरीघरारी के वार्ड संख्या-1 निवासी रेलवे कर्मचारी संजीव कुमार (37) की चेन्नई में ड्यूटी के दौरान करंट लगने से मौत हो गई। बुधवार की शाम उनका पार्थिव शरीर पैतृक आवास पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और ग्रामीण उनके घर पहुंचे।

मृतक की पहचान लाल बहादुर राम के पुत्र संजीव कुमार के रूप में हुई है। वह पिछले करीब दस वर्षों से चेन्नई सेंट्रल में रेलवे के सरकारी कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे। वह टेक्निकल ग्रेड-1 वेल्डर के पद पर तैनात थे।
परिजनों एवं स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार, बीते 2 नवंबर को दोपहर करीब तीन बजे चेन्नई के टोंडियारपेट यार्ड में ड्यूटी के दौरान संजीव कुमार 25 हजार वोल्ट के ओवरहेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) तार की चपेट में आ गए। इस हादसे में उनकी मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। बुधवार को पार्थिव शरीर मुसरीघरारी पहुंचने के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।












