-प्रधानमंत्री के संभावित दौरे को लेकर राजापाकर इंडस्ट्रियल पार्क में प्रशासनिक हलचल तेज, मुख्य सचिव और डीजीपी ने किया निरीक्षण
-20 नवंबर को प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों का लिया जायजा
-सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
राजापाकर-संजय श्रीवास्तव। राजापाकर प्रखंड क्षेत्र की बखरी बड़ाई पंचायत स्थित इंडस्ट्रियल पार्क में 20 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम की तैयारी का जायजा लेने के लिए गुरुवार को बिहार के मुख्य सचिव प्रणय अमृत और बिहार की डीजीपी प्रीति वर्मा समेत राज्य एवं जिला स्तर के कई वरिष्ठ अधिकारी औद्योगिक पार्क पहुंचे।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का इससे पूर्व सिक्स लेन पुल के उद्घाटन को लेकर प्रस्तावित दौरा टल गया था। अब दूसरे चरण में 20 नवंबर को कार्यक्रम की संभावित तिथि निर्धारित की गई है। इसे लेकर प्रशासनिक महकमा पूरी तरह सक्रिय हो गया है।

निरीक्षण के दौरान वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह और पुलिस अधीक्षक शुभ्रांक मिश्रा भी मौजूद रहे। मुख्य सचिव और डीजीपी ने कार्यक्रम स्थल का चारों तरफ से बारीकी से निरीक्षण किया। करीब डेढ़ घंटे से अधिक समय तक चले निरीक्षण के दौरान कार्यक्रम की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और संभावित भीड़ को नियंत्रित करने के इंतजामों का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने जिले के संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रधानमंत्री के संभावित आगमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने और विधि-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह, अंचलाधिकारी निशा यादव, थानाध्यक्ष गौरीशंकर बैठा सहित प्रखंड स्तरीय विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।












