-पड़ाव कूपन के नाम पर जुर्माना वसूली के खिलाफ ऑटो-ई-रिक्शा कर्मचारी संघ ने खोला मोर्चा
-15 दिनों का अल्टीमेटम
मुजफ्फरपुर। ऑटो चालकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर ऑटो रिक्शा व ई-रिक्शा कर्मचारी संघ की बैठक सोमवार को बैरिया स्थित संघ कार्यालय में हुई। बैठक में दिवाली और छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। संघ के सदस्यों ने सभी चालकों से पर्व के दौरान सतर्कता बरतने और किसी भी तरह की गलत गतिविधि में शामिल लोगों को पकड़कर प्रशासन के हवाले करने की अपील की।
बैठक में नगर निगम की ओर से पड़ाव कूपन के नाम पर कथित रूप से मनमाने ढंग से जुर्माना वसूले जाने पर गहरी नाराजगी जताई गई। संघ के सदस्यों ने इसका विरोध करते हुए नगर निगम प्रशासन को 15 दिनों का अल्टीमेटम दिया। चेतावनी दी गई कि निर्धारित समय के भीतर मामले में उचित कार्रवाई नहीं हुई तो नगर निगम के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा।

इसके साथ ही संघ ने थानों की ओर से मनमाने ढंग से चालान काटने पर रोक लगाने और शहर में ऑटो व ई-रिक्शा के लिए व्यवस्थित पड़ाव बनाने की मांग उठाई। सदस्यों ने कहा कि पड़ाव स्थलों पर सीमांकन बोर्ड और पोल पहले की तरह दोबारा स्थापित किए जाएं, ताकि चालकों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष एआर अन्नु ने की। मौके पर महासचिव मो. इलियास इलु, संजय राय, बबलू पासवान, मुकेश यादव, पंकज यादव, मो. छोटे, रंजीत सहनी, कृपण मुरारी, पप्पू गुप्ता, मानू यादव, ललन कुमार, सुभाष कुमार, चंद्रभूषण झा और संजय चौधरी सहित कई सदस्य मौजूद रहे।












