-मुजफ्फरपुर जंक्शन पर नशाखुरानी गिरोह का आतंक
-एसकेएमसीएच के स्टाफ नर्स को बेहोश कर एटीएम से उड़ाए 30 हजार रुपये
मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर जंक्शन पर नशाखुरानी और उचक्कागिरी करने वाला गिरोह एक बार फिर सक्रिय हो गया है। इस बार गिरोह ने एसकेएमसीएच के एक स्टाफ नर्स को अपना शिकार बनाया। बदमाशों ने ट्रेन की जानकारी पूछने के बहाने उन्हें झांसे में लिया और कथित तौर पर नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद उनके पर्स से एटीएम कार्ड गायब कर खाते से 30 हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली।
पीड़ित की पहचान एसकेएमसीएच के स्टाफ नर्स कामेन्द्र कुमार के रूप में हुई है। उन्होंने नगर (टाउन) थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस को दिए आवेदन के अनुसार, वह शाम करीब छह बजे जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या एक पर ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति उनके पास पहुंचा और कटिहार जाने वाली ट्रेन के बारे में पूछताछ करने लगा। इसके बाद उसने अपने मोबाइल में ट्रेन की टाइमिंग देखने का आग्रह किया।

कामेन्द्र कुमार जैसे ही मोबाइल पर ट्रेन की जानकारी देखने लगे, आरोपी ने कथित तौर पर किसी नशीले पदार्थ या रसायन का इस्तेमाल कर उन्हें बेसुध कर दिया। जब उन्हें होश आया तो उन्होंने खुद को प्लेटफॉर्म संख्या एक के बजाय स्टेशन के सुनसान पश्चिमी छोर पर पाया। सामान की जांच करने पर उनके पर्स में रखा उनकी चाची के नाम का एटीएम कार्ड गायब मिला। मोबाइल देखने पर खाते से 30 हजार रुपये निकाले जाने का मैसेज मिला।
इसके बाद पीड़ित ने तत्काल बैंक को सूचना देकर एटीएम कार्ड ब्लॉक कराया और टाउन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। आरोपी की पहचान के लिए जंक्शन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। घटना ने रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।












