-बिहार संग्रहालय के मुरीद हुए आनंद महिंद्रा, सम्राट चौधरी ने दिया बिहार आने का न्योता
-दुनिया के 100 सर्वश्रेष्ठ संग्रहालयों में बिहार संग्रहालय को मिला नौवां स्थान
-एशिया में शीर्ष स्थान हासिल करने पर उद्योगपति ने की सराहना
पटना, 30 अक्टूबर। बिहार की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है। पटना स्थित बिहार संग्रहालय ने दुनिया के 100 सर्वश्रेष्ठ संग्रहालयों की सूची में नौवां स्थान हासिल किया है। वहीं, एशिया में इसे शीर्ष स्थान मिला है। अंतरराष्ट्रीय यात्रा पत्रिका ‘वर्थ एंड जर्नी’ की ओर से जारी इस सूची में बिहार संग्रहालय की उपलब्धि की प्रसिद्ध उद्योगपति एवं महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने भी सराहना की है।
आनंद महिंद्रा की इस प्रतिक्रिया पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से उनका आभार जताया और उन्हें बिहार आने का न्योता दिया। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि बिहार की जनता की ओर से उनका हार्दिक आभार है। बिहार की गौरवशाली विरासत राज्य की पहचान है और इस उपलब्धि पर सभी को गर्व है।

मुख्यमंत्री ने आनंद महिंद्रा को बिहार संग्रहालय का भ्रमण करने और उनके साथ हाई टी पर संवाद करने के लिए आमंत्रित किया। इसके साथ ही उन्होंने उद्योग, कृषि, तकनीक और पर्यटन के क्षेत्र में साझेदारी की संभावनाओं पर चर्चा करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि निवेश के जरिए बिहार में युवाओं के लिए रोजगार और नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं।
मुख्यमंत्री के इस निमंत्रण पर आनंद महिंद्रा ने भी सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने एक्स पर अपने जवाब में मुख्यमंत्री के स्नेहपूर्ण और उत्साहजनक संदेश की सराहना करते हुए कहा कि उनका जवाब दिल को छू लेने वाला है। बिहार संग्रहालय के प्रति मुख्यमंत्री का गर्व और लगाव भी उन्हें अच्छा लगा।
आनंद महिंद्रा ने कहा कि जब भी उन्हें बिहार आने का अवसर मिलेगा, वे मुख्यमंत्री के निमंत्रण का लाभ जरूर उठाएंगे। इस संवाद के बाद बिहार संग्रहालय की अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि के साथ राज्य में निवेश और औद्योगिक साझेदारी की संभावनाओं को लेकर भी चर्चा तेज हुई है।












