-एनएच-527सी पर पुलिया चौड़ीकरण की मांग
-गायघाट सामाजिक मंच ने एनएचएआई अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन
-भदई चौक-दरगाह चौक के बीच पुरानी पुलिया पर हादसों का खतरा
-दिसंबर तक मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
मुजफ्फरपुर। जिले के मझौली-चोरौत राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 527सी पर सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और पुरानी पुलिया के चौड़ीकरण की मांग को लेकर गायघाट सामाजिक मंच ने आवाज उठाई है। शुक्रवार को मंच के एक प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली के द्वारका स्थित भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के प्रधान कार्यालय पहुंचकर अध्यक्ष को मांग पत्र सौंपा। इसमें भदई चौक और दरगाह चौक के बीच स्थित पुरानी सिंगल पुलिया को चौड़ा कर दोहरी पुलिया बनाने की मांग की गई है।
मंच के अनुसार, उक्त पुलिया का निर्माण पहले पीएचडी विभाग की ओर से कराया गया था। इस संकरी पुलिया के कारण पिछले कई वर्षों से लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। मंच का दावा है कि अब तक करीब 10 से 15 लोगों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद पुलिया का चौड़ीकरण नहीं होने से दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। प्रतिनिधिमंडल ने हसना में अधूरे डिवाइडर के कारण होने वाली दुर्घटनाओं का मुद्दा भी उठाया।

दिसंबर तक का दिया अल्टीमेटम:
गायघाट सामाजिक मंच ने एनएचएआई अध्यक्ष को सौंपे मांग पत्र में दिसंबर तक पुलिया के चौड़ीकरण की दिशा में ठोस पहल करने की मांग की है। मंच ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय तक दोहरी पुलिया का निर्माण शुरू नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।
मंच का कहना है कि सड़क पर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए संकरी पुलिया की समस्या का स्थायी समाधान जरूरी है। इसके साथ ही हसना में अधूरे डिवाइडर को पूरा कर दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने की भी आवश्यकता है।
प्रतिनिधिमंडल में ये रहे शामिल:
एनएचएआई अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में गायघाट सामाजिक मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुबोध कुमार सिंह, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष कंचन मिश्रा और प्रधान महासचिव शिव शुक्ला शामिल थे। मंच ने संबंधित अधिकारियों से जनहित में मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की है।












