-करवा चौथ पर सुहागिन महिलाओं ने रखा निर्जला व्रत, पति की लंबी आयु की कामना
राजापाकर-संजय श्रीवास्तव। राजापाकर प्रखंड क्षेत्र में गुरुवार को करवा चौथ का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सुहागिन महिलाओं ने अपने पति की लंबी आयु, सुख-समृद्धि और सुखी दांपत्य जीवन की कामना को लेकर निर्जला व्रत रखा। सुबह से ही महिलाओं में पर्व को लेकर खास उत्साह देखने को मिला।
करवा चौथ को लेकर महिलाओं ने पहले से ही तैयारियां कर रखी थीं। बाजारों में करवा, छलनी, पूजन सामग्री, मिठाई, फल, साड़ी, चूड़ी, बिंदी और श्रृंगार के अन्य सामानों की खरीदारी की गई। महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सज-धजकर सोलह श्रृंगार किया और हाथों में मेहंदी लगाकर पर्व की खुशियां मनाईं। घरों में भी उत्सव जैसा माहौल बना रहा।

व्रती महिलाओं ने दिनभर निर्जला उपवास रखा। शाम को विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर करवा चौथ की कथा सुनी। चंद्रमा के उदय होने पर महिलाओं ने छलनी से चंद्रमा और अपने पति का दर्शन किया तथा चंद्रदेव को अर्घ्य अर्पित किया। इसके बाद पति के हाथों जल ग्रहण कर व्रत का पारण किया।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, करवा चौथ का व्रत पति की दीर्घायु और परिवार की सुख-शांति के लिए रखा जाता है। पर्व के दौरान परिवार के सदस्यों ने भी व्रती महिलाओं का सहयोग किया। विशेषकर नवविवाहित महिलाओं में पर्व को लेकर काफी उत्साह देखा गया। पूरे क्षेत्र में करवा चौथ का त्योहार प्रेम, विश्वास और पारिवारिक एकता के माहौल में संपन्न हुआ।












