-औराई में तालाब में डूबने से मौत, परिवार में मचा कोहराम
-शौच के लिए निकले थे श्याम बाबू दास, पंचायत सरकार भवन के पास हुआ हादसा; पांच बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
मुजफ्फरपुर। जिले के औराई थाना क्षेत्र अंतर्गत धरहरवा पंचायत में बुधवार की अहले सुबह तालाब में डूबने से 51 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान चैनपुर गांव निवासी स्वर्गीय रघु दास के पुत्र श्याम बाबू दास के रूप में हुई है। हादसे के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
धरहरवा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि प्रमोद पूर्वे के अनुसार, श्याम बाबू दास बुधवार की सुबह शौच के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान पंचायत सरकार भवन के समीप स्थित तालाब के किनारे उनका पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में चले गए। पानी में डूबने से उनकी मौत हो गई।

कुछ देर बाद तालाब में शव दिखाई देने पर स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकाला। घटना की सूचना औराई थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच), मुजफ्फरपुर भेजने की प्रक्रिया शुरू की।
मृतक अपने पीछे चार पुत्रियों और एक पुत्र समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित सरकारी मुआवजा देने की मांग की है।












