-पूर्वी चंपारण में 24 घंटे में 5 मौतें, 4 ने लगाई फांसी; नवविवाहित दंपति भी शामिल
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
पूर्वी चंपारण जिले में पिछले 24 घंटे में 5 लोगों की मौत हो गई। इनमें 4 लोगों ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है, जबकि 10 माह की एक बच्ची की सड़क हादसे में मौत हो गई।
– हरसिद्धि में पति-पत्नी ने दी जान
हरसिद्धि थाना के हरपुरराय गांव में पति-पत्नी ने फांसी लगाकर जान दे दी। मृतकों की पहचान परवेज आलम (24) और सोनी खातून (22) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार परवेज ने करीब एक साल पहले मलाही थाना क्षेत्र की सोनी से प्रेम विवाह किया था। सोनी की यह दूसरी शादी थी। ग्रामीणों के अनुसार पति-पत्नी में अक्सर विवाद होता था। रविवार देर रात भी कहासुनी हुई। पिता इब्राहिम मियां ने दोनों को समझाया। बाद में रात करीब 3 बजे परवेज फंदे से लटका मिला। परिजन अस्पताल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पति की मौत की खबर सुनकर सोनी ने भी फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि मामले की वैज्ञानिक जांच की जा रही है।

– शिकारगंज में बावर्ची ने लगाई फांसी
रूपहारा नहर चौक पर एक होटल में काम करने वाले बावर्ची मुकेश कुमार (26) ने फांसी लगा ली। वह झारखंड के गिरिडीह जिले के तीसरी थाना क्षेत्र का रहने वाला था। उसने दो शादियां की थी, दूसरी शादी एक आर्केस्ट्रा गर्ल से की थी। पुलिस के अनुसार आत्महत्या से पहले उसने मोबाइल पर वीडियो रिकॉर्ड किया है।
-पीपराकोठी में युवक ने दी जान
बथना निवासी धर्मेंद्र सिंह के 18 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार ने परिजनों की डांट से आहत होकर फांसी लगा ली।
तुरकौलिया में 10 माह की बच्ची की मौत
तुरकौलिया थाना क्षेत्र के राजारामपुर मलाही टोला में सिकंदर साहनी की 10 माह की बेटी प्रियांशु खेलते हुए सड़क पर चली गई, जहां अज्ञात वाहन ने उसे कुचल दिया।












