-सकरी में बस की चपेट में आने से मजदूर गंभीर रूप से घायल, चालक फरार
-नवरात्र में दुर्गा मंदिर का प्रसाद खाने जा रहा था मजदूर
-पुलिस ने बस जब्त कर शुरू की कार्रवाई
मुजफ्फरपुर। कुढ़नी प्रखंड के तुर्की थाना क्षेत्र अंतर्गत सकरी में सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे पटना जा रही एक बस की चपेट में आने से 25 वर्षीय मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद बस चालक करीब सौ मीटर आगे बस खड़ी कर मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से घायल को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, स्थानीय निवासी विक्की कुमार उर्फ सटहू एक होटल में मजदूरी करता है। सोमवार सुबह नवरात्र के अवसर पर वह चौक स्थित दुर्गा मंदिर में पूजा का प्रसाद खाने के लिए सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान पटना की ओर जा रही बस ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने से मजदूर सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस चालक ओवरटेक करने के दौरान मजदूर को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ गया। आरोप है कि बस उसे कुछ दूरी तक घसीटती चली गई। इस दौरान बस के अगले हिस्से का शीशा टूटकर सड़क पर बिखर गया। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और आसपास के लोग जुट गए।
सड़क पर खून से लथपथ पड़े मजदूर को ग्रामीणों और पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी ली।
तुर्की थानाध्यक्ष सिंटू कुमार ने बताया कि घायल मजदूर का इलाज चल रहा है। हादसे में शामिल बस को जब्त कर लिया गया है। चालक के फरार होने की जानकारी मिली है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।













