Advertisement

बोचहां में 1.52 करोड़ से बनी सड़क जर्जर

-बोचहां में 1.52 करोड़ से बनी सड़क जर्जर

-50 हजार से अधिक की आबादी परेशान

मुजफ्फरपुर। बोचहां क्षेत्र में उनसर-कटरा पीडब्ल्यूडी रोड से जगन्नाथपुर-हथौड़ी पथ की जर्जर स्थिति को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। मुख्यमंत्री ग्रामीण पथ अनुरक्षण कार्यक्रम के तहत बनी करीब 4.75 किलोमीटर लंबी सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। घरभारा चौक के पास सड़क की हालत इतनी खराब है कि लोगों को पैदल चलने में भी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसी से अविलंब सड़क की मरम्मत कराने, निर्माण की गुणवत्ता की तकनीकी जांच करने और रखरखाव के लिए आवंटित राशि के खर्च का ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग की है। मांग पूरी नहीं होने पर ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।

ग्रामीणों के अनुसार, इस सड़क से 50 हजार से अधिक की आबादी प्रभावित होती है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग इस मार्ग से आवागमन करते हैं। सड़क के कई हिस्सों में गड्ढे और टूट-फूट होने के कारण राहगीरों तथा स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घरभारा चौक के पास स्थिति विशेष रूप से खराब है।

जानकारी के अनुसार, सड़क का निर्माण एक करोड़ 52 लाख रुपये से अधिक की लागत से कराया गया था। निर्माण कार्य वर्ष 2023 में शुरू हुआ और 2024 में पूरा हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण के कुछ ही समय बाद सड़क का जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो जाना इसकी गुणवत्ता पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने सड़क की तकनीकी जांच कराकर दोषियों की जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।

सड़क के पांच साल के रखरखाव के लिए 52.623 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं। वर्ष 2029 तक इसके रखरखाव की जिम्मेदारी सत्येंद्र कुमार एंड कंपनी कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड, पटना को दी गई है। इस कार्य की कार्यकारी एजेंसी ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य प्रमंडल मुजफ्फरपुर पूर्वी-2 है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि जब रखरखाव के लिए राशि आवंटित है, तो सड़क की समय पर मरम्मत क्यों नहीं कराई जा रही है। उन्होंने रखरखाव मद में खर्च की गई राशि का विवरण सार्वजनिक करने की मांग की है।

घरभारा चौक के पास सड़क की बदहाल स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों ने खुद ही क्षतिग्रस्त हिस्से पर ढलाई के ऊपर पीच डालकर आवागमन को सुगम बनाने का प्रयास किया है। हालांकि, उनका कहना है कि यह केवल अस्थायी व्यवस्था है। सड़क की स्थायी मरम्मत के लिए तकनीकी जांच के बाद गुणवत्तापूर्ण कार्य कराया जाना जरूरी है।

इस मामले में विधायक बेबी कुमारी ने भी नाराजगी जताते हुए सड़क की अविलंब मरम्मत कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि जल्द कार्रवाई नहीं होने पर इस मुद्दे को विधानसभा में प्रश्न के माध्यम से उठाया जाएगा। ग्रामीणों ने विभाग और निर्माण एजेंसी से बिना देरी किए सड़क की मरम्मत कराने तथा रखरखाव की जिम्मेदारी का सही तरीके से निर्वहन करने की अपील की है।