-एमजीसीयू, मोतिहारी में एचआईवी-एड्स पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के सेहत केंद्र द्वारा एचआईवी-एड्स से बचाव एवं नियंत्रण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम के तहत एक निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में एचआईवी-एड्स के प्रति सही वैज्ञानिक जानकारी देना, फैली भ्रांतियों को दूर करना और सुरक्षित व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना था। विद्यार्थियों को बताया गया कि एचआईवी क्या है, यह कैसे फैलता है और कैसे नहीं फैलता। असुरक्षित यौन संबंध, संक्रमित सुई और संक्रमित रक्त के खतरों तथा सुरक्षित यौन व्यवहार और कंडोम के सही उपयोग के प्रति जागरूक किया गया।

साथ ही इस बात पर जोर दिया गया कि एचआईवी पॉजिटिव व्यक्तियों के प्रति भेदभाव और छुआछूत को समाप्त किया जाए। समाज में यह संदेश दिया गया कि एचआईवी छूने, साथ खाने या हाथ मिलाने से नहीं फैलता। “इसे जानें, समझें, बचाव करें, भेदभाव नहीं अपनाएं” का संदेश दिया गया।
प्रतियोगिता में संस्कृत विभाग, हिंदू अध्ययन विभाग के स्नातकोत्तर छात्र-शोधार्थी सहित अन्य विभागों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस अवसर पर सेहत केंद्र के समन्वयक डॉ. बबलू पाल, सह समन्वयक डॉ. गोविंद प्रसाद वर्मा और हिंदी विभाग के सहायक आचार्य डॉ. श्याम नंदन उपस्थित रहे।













