-पीएमसीएच में अब एक साथ 2500 बेड पर होगा इलाज, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने टावर-3 का किया उद्घाटन
पटना। पटना चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (पीएमसीएच) में अब एक साथ 2500 बेड पर मरीजों का आधुनिक चिकित्सकीय सुविधाओं के साथ इलाज होगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को पीएमसीएच पुनर्विकास योजना के पहले चरण के तहत नवनिर्मित टावर-3 का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल भवन का निरीक्षण कर उपलब्ध आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं, चिकित्सकीय सेवाओं और मरीजों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित भवन के भूतल पर ओपीडी मरीजों के पंजीकरण के लिए बनाए गए कियोस्क और काउंटर, अल्पाहार गृह तथा पुनर्विकास योजना के तहत पूरे हो चुके और निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने टावर-3 के पांचवें तल पर पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट (पीकू) वार्ड का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने प्रतीक्षालय, स्त्री रोग एवं प्रसूति आईसीयू, नर्स स्टेशन, चिकित्सा कक्ष, उपचार कक्ष और प्रसवोत्तर वार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से इन विभागों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली और मरीजों के बेहतर उपचार पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने भवन के छठे तल पर स्थित मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर-22 का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न शल्य चिकित्सा कक्षों, स्त्री रोग संबंधी ऑपरेशन थिएटर और अन्य चिकित्सकीय इकाइयों में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। इसके अलावा प्रथम तल पर स्थित रेडियोलॉजी विभाग की व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्पताल के विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर मरीजों के उपचार की व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं का उचित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। अधिकारियों को नियमित रूप से अस्पताल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने और समस्याओं का त्वरित समाधान करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने पुनर्विकास योजना के शेष निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने पर भी जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने टावर-3 के भूतल पर बाल मरीजों के बीच पोषण किट का वितरण किया। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया, जबकि स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि ने पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न देकर उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव, विधायक संजीव चौरसिया, विधायक संजय कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि, बिहार राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक डॉ. नवल किशोर चौधरी, बीएमएसआईसीएल के प्रबंध निदेशक सुब्रत कुमार सेन, पीएमसीएच के अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह सहित अन्य वरीय अधिकारी, चिकित्सक और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।













