-SIR के बाद छूटे मतदाताओं का नाम जोड़ने के लिए चलेगा विशेष अभियान, एक माह में होगा सत्यापन
मुजफ्फरपुर। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद निर्वाचक सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र मतदाताओं और पहली बार मतदान के योग्य हुए युवाओं के पंजीकरण के लिए मुजफ्फरपुर जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान जिले के सभी 11 विधानसभा क्षेत्रों में संचालित होगा। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी कुमार गौरव ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को अभियान सफलतापूर्वक चलाने का निर्देश दिया है।

अभियान के प्रथम चरण में मतदान केंद्र स्तरीय पदाधिकारी (बीएलओ) पूर्व की निर्वाचक सूची और वर्तमान सूची का मिलान करेंगे। इसके माध्यम से उन पात्र मतदाताओं की पहचान की जाएगी, जिनके नाम पहले की सूची में थे, लेकिन वर्तमान सूची में शामिल नहीं हैं। अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं की सूची को भी ध्यान में रखा जाएगा।
इसके बाद बीएलओ घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे। इस दौरान संबंधित पते पर निवास और पंजीकरण की पात्रता की जांच की जाएगी। पात्र पाए जाने वाले वैसे नागरिक, जिनका नाम मतदाता सूची में नहीं है, उनका प्रपत्र-6 के माध्यम से पंजीकरण कराया जाएगा। यह प्रक्रिया एक माह के भीतर पूरी करने का लक्ष्य है।
जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान को पारदर्शी और सहभागी बनाने के लिए सत्यापन में चिह्नित पात्र व्यक्तियों की सूची मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) के साथ साझा की जाएगी। मतदाता पंजीकरण के लिए मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर भी लगाए जाएंगे। जरूरत के अनुसार रात्रि आश्रय स्थलों, श्रमिक कॉलोनियों, गरीब एवं वंचित बस्तियों में भी शिविर आयोजित किए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने युवाओं, छात्र-छात्राओं, महिलाओं और पहली बार मतदान के योग्य नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पात्र नागरिक निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकते हैं। अभियान की निगरानी जिला स्तर से की जाएगी।
उन्होंने कहा कि समावेशी एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची लोकतांत्रिक निर्वाचन प्रक्रिया का आधार है। सभी संबंधित पक्षों को यह सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय रहना चाहिए कि कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।












