Advertisement

जिउतिया पर नहाने गया 20 साल का गोलू की तियर नदी ने छीन ली जिंदगी

-जिउतिया पर नहाने गया 20 साल का गोलू की तियर नदी ने छीन ली जिंदगी

मोतिहारी, राजन द्विवेदी।

एक बार फिर पूर्वी चंपारण जिले में जिउतिया पर्व की खुशी एक परिवार के लिए मातम में बदल गई। घटना जिले के बनकटवा प्रखंड के मठिया भोपत गांव की है। जहां शनिवार शाम नदी में नहाने गया 20 वर्षीय युवक डूब गया। मृतक श्रीनारायण राम का बेटा गोलू कुमार बताया गया है।

बताया जाता है कि गोलू महिलाओं के साथ तियर नदी में स्नान करने गया था। इसी दौरान गहरे पानी में जाने से वह तेज धार में समा गया। गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने रात तक नदी में तलाश की, पर अंधेरे में कुछ पता नहीं चला।

रविवार सुबह फिर खोजबीन शुरू हुई तो गोलू का शव मिला। बेटे का शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया। लखौरा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मुखिया किरण देवी ने कहा पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार होगा।