-मुजफ्फरपुर में बिहार फोटो/वीडियो एक्सपो 2026 का पोस्टर लॉन्च, 30 अक्टूबर से पटना में लगेगा फोटो फेयर
मुजफ्फरपुर। बिहार फोटो/वीडियो एक्सपो 2026 को लेकर रविवार, 4 अक्टूबर को मुजफ्फरपुर में विभिन्न स्थानों पर एक्सपो के पोस्टर का लॉन्च किया गया। इस दौरान फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी से जुड़े लोगों ने एक्सपो को लेकर उत्साह जताया। फोटो/वीडियो एक्सपो का आयोजन 30 और 31 अक्टूबर तथा 1 नवंबर 2026 को पटना के गांधी मैदान के समीप स्थित ज्ञान भवन में किया जाएगा। एक्सपो में सभी के लिए प्रवेश नि:शुल्क रहेगा।
ऑल इंडिया फोटोग्राफिक फेडरेशन के अध्यक्ष एवं मुजफ्फरपुर निवासी राकेश तिवारी इस एक्सपो के आयोजक हैं। बताया गया कि वे पिछले कई वर्षों से बिहार फोटो/वीडियो एक्सपो का आयोजन करते आ रहे हैं। एक्सपो में फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के क्षेत्र में इस्तेमाल होने वाली आधुनिक तकनीक और उपकरणों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी।

एक्सपो में अत्याधुनिक कैमरे, लाइट्स, विभिन्न प्रकार की एसेसरीज, प्रिंटिंग टेक्नोलॉजी, ड्रोन, क्रेन समेत फोटोग्राफी और वीडियो निर्माण से जुड़े अन्य उपकरण प्रदर्शित किए जाएंगे। आयोजकों के अनुसार, इस व्यवसाय से जुड़े प्रोफेशनल्स के साथ-साथ शौकिया फोटोग्राफर और वीडियोग्राफर भी एक्सपो में पहुंचकर नई तकनीक और उपकरणों की जानकारी हासिल कर सकते हैं तथा अपने ज्ञान को बढ़ा सकते हैं।
मुजफ्फरपुर में पोस्टर लॉन्च के मौके पर छायाकार देवाशीष दास, चंदन, रवि, ध्रुव समेत फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी व्यवसाय से जुड़े कई लोग मौजूद रहे। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से एक्सपो में पहुंचने की अपील की।












