Advertisement

सेवा ज्योति यात्रा को भव्य बनाने में जुटी भाजपा, शिक्षक-स्नातक चुनाव की जीत का खाका तैयार

-सेवा ज्योति यात्रा को भव्य बनाने में जुटी भाजपा, शिक्षक-स्नातक चुनाव की जीत का खाका तैयार

मुजफ्फरपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रस्तावित सेवा ज्योति यात्रा को भव्य बनाने और आगामी शिक्षक-स्नातक निर्वाचन में एनडीए की जीत सुनिश्चित करने को लेकर मुजफ्फरपुर भाजपा ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को शुभकामना होटल के सभागार में पार्टी पदाधिकारियों और मंडल अध्यक्षों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक की अध्यक्षता मुजफ्फरपुर पूर्वी जिलाध्यक्ष विवेक कुमार ने की, जबकि संचालन पश्चिमी जिलाध्यक्ष हरिमोहन चौधरी ने किया। बैठक में प्रदेश महामंत्री धनराज शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष पाठक, पूर्व मंत्री सुरेश शर्मा एवं रामसूरत राय, प्रदेश क्रियान्वयन समिति सदस्य राजेश शर्मा, बरूराज विधायक अरुण सिंह, प्रदेश मंत्री मुकेश शर्मा, मनोज चौधरी, जिला प्रभारी रमेश श्रीवास्तव, दिनकर पंडित तथा तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एनडीए प्रत्याशी नरेन्द्र प्रसाद सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में सेवा संकल्प अभियान के तहत अब तक आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। अभियान के संयोजक मनोज तिवारी एवं तेज नारायण शर्मा के प्रयासों की सराहना करते हुए आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

वहीं शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन को लेकर संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और मतदाताओं से व्यापक संपर्क अभियान चलाने की रणनीति पर भी मंथन किया गया। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन की गतिविधियों को मजबूत करने और चुनावी तैयारियों में पूरी सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया।